श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। प्रधान मंत्री रानिल विक्रमसिंघे एक नए नेता के चुने जाने तक राष्ट्रपति का कार्यभार संभालेंगे।
कोलंबो: श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने आखिरकार अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। संसद अध्यक्ष महिंदा यापा अभयवर्धने ने शुक्रवार को आधिकारिक घोषणा की। दिवालिया देश की अर्थव्यवस्था को नहीं संभालने को लेकर अपने और अपने परिवार के खिलाफ बढ़ रहे जन आक्रोश के बीच देश छोड़ने के बाद राजपक्षे ने इस्तीफा दे दिया है।
73 वर्षीय राजपक्षे ने गुरुवार को अपना इस्तीफा अध्यक्ष को ईमेल के माध्यम से भेजा, इसके तुरंत बाद उन्हें "निजी यात्रा" पर सिंगापुर जाने की अनुमति दी गई। स्पीकर अभयवर्धने ने शुक्रवार सुबह राजपक्षे के इस्तीफे की आधिकारिक घोषणा की। एक संक्षिप्त बयान में, अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे नए नेता के चुने जाने तक राष्ट्रपति का कार्यभार संभालेंगे।
उन्होंने जनता से सभी सांसदों को चुनाव की प्रक्रिया में भाग लेने के लिए शांतिपूर्ण माहौल बनाने का अनुरोध किया। यह प्रक्रिया सात दिनों के भीतर पूरी करनी होगी। शनिवार को श्रीलंकाई संसद की बैठक होगी। स्पीकर के मीडिया सचिव इंदुनील अभयवर्धने ने कहा कि स्पीकर को सिंगापुर में श्रीलंकाई उच्चायोग के माध्यम से गुरुवार रात राजपक्षे का त्याग पत्र मिला था, लेकिन वे सत्यापन प्रक्रिया और कानूनी औपचारिकताओं के बाद आधिकारिक घोषणा करना चाहते थे।
पीटीआई
#SriLanka,