देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को जौलीग्रांट हवाईअड्डे से देहरादून-अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ हेली सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह हेली सेवा देहरादून से हल्द्वानी, पंतनगर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ के लिए चलेगी। 7 सीटर पवन हंस की यह सेवा सप्ताह में केवल एक बार चलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हेली सेवा को शुरू करने के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य एम सिंधिया का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उड़ान योजना के तहत राज्य में चल रही हेली सेवाएं उत्तराखंड में हवाई संपर्क बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगी।
इन सेवाओं से लोगों की आवाजाही में सुविधा होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण राज्य है।
राज्य सरकार का प्रयास है कि राज्य में यात्रा करने के लिए श्रद्धालुओं और पर्यटकों को हर तरह की सुविधा मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में हवाई संपर्क का और विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने पवन हंस से सप्ताह में तीन दिन इस सेवा को करने और सीटों की संख्या बढ़ाने को कहा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, सुबोध उनियाल, सचिव दिलीप जावलकर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी उकड़ा सी रविशंकर, पवन हंस के महाप्रबंधक संजय कुमार उपस्थित थे।