रुद्रप्रयाग पुलिस ने केदारनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट की ठगी करने के आरोप में बिहार से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। हेली टिकट धोखाधड़ी मामले में दोनों को न्यायिक हिरासत में जिला जेल पुरसारी भेज दिया गया है। इन दोनों ने हिमाचल प्रदेश के सोलन निवासी परीक्षित शारदा से 1 लाख 12 हजार रुपये की ठगी की है।
रुद्रप्रयाग: केदारघाटी में संचालित हेली सेवाओं में हेली टिकट धोखाधड़ी मामले में धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने हेलीकॉप्टर टिकट के नाम पर ठगी करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को बिहार के पटना से गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में शिकायतकर्ता परीक्षित शारदा (निवासी सोलन, हिमाचल प्रदेश) ने 17 मई 2022 को थाना गुप्तकाशी में शिकायत दर्ज कराई थी।
आपको बता दें कि शिकायतकर्ता परीक्षित शारदा थाना गुप्तकाशी में आकर शिकायत की थी कि उनके साथ किसी अज्ञात व्यक्ति ने केदारनाथ यात्रा के लिए पवन हंस कंपनी का हेलीकॉप्टर टिकट उपलब्ध कराने के नाम पर 1 लाख 12 हजार रुपए की धोखाधड़ी की गई है। जब वह यात्रा के लिए यहां पहुंचे तो उन्हें न तो टिकट मिला और न ही टिकट पाने वाले से संपर्क हो रहा है।
शिकायत के आधार पर 17 मई को ही पुलिस ने थाना गुप्तकाशी में अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने जांच के दौरान इस ऑनलाइन ठगी में प्रयुक्त संदिग्ध खातों में लेनदेन के आधार पर थाना गुप्तकाशी व जिला एसओजी की संयुक्त टीम बनाकर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। सबूतों के आधार पर इस टीम को बिहार भेजा गया।
घटना में प्रयुक्त विभिन्न खाताधारकों की जानकारी पाकर पुलिस टीम सर्विलांस की मदद से पटना पहुंची और आरोपियों को गिरफ्तार कर रुद्रप्रयाग लाया गया। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जिला जेल पुरसादी चमोली भेज दिया गया है।