नयी दिल्ली, खेल मंत्रालय ने शनिवार को 2022 के राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन आवेदन भरने की अंतिम तिथि 20 सितंबर तय की।
वर्ष 2022 के खेल पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित करने की अधिसूचना वेबसाइट 'www.yas.nic.in' पर अपलोड की गई ।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारतीय ओलंपिक संघ/भारतीय खेल प्राधिकरण/मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय खेल महासंघ/खेल संवर्धन बोर्ड/राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की सरकारों को तदनुसार सूचित कर दिया गया है।
इस वर्ष से, इसी प्रक्रिया के लिए केवल एक समर्पित पोर्टल के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।
पुरस्कारों के दिशा-निर्देशों के अनुसार, पात्र आवेदकों को किसी भी व्यक्ति या प्राधिकरण की सिफारिश के बिना, लेकिन केवल 'dbtyas-sports.gov.in' पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने की अनुमति है।
मंत्रालय ने अधिसूचना में कहा, "पुरस्कार के लिए पात्र खिलाड़ियों के आवेदन 20 सितंबर 2022 को रात 11 बजकर 59 मिनट तक ही पोर्टल 'dbtyas-sports.gov.in' पर जमा किए जाने चाहिए। इस समय के बाद आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।"