रांची: झारखंड में बारिश के बावजूद सियासी पारा लगातार बढ़ता जा रहा है। सीएम हेमंत सोरेन के ऑफिस ऑफ प्रॉफिट मामले में चुनाव आयोग की राजभवन से सिफारिश के बाद अटकलों का बाजार गर्म है। वहीं संकट की इस घड़ी में सीएम हेमंत सोरेन की ओर से लगातार बैठकें कर यूपीए विधायकों की एकजुटता दिखाने की कोशिश की जा रही है। इसी क्रम में सीएम हेमंत सोरेन शनिवार को झारखंड यूपीए के सभी विधायकों के साथ लतरातू बांध पहुंचे। लग्जरी वॉल्वो बस से गेस्ट हाउस पहुंचे विधायकों ने कुछ देर आराम किया और खाना खाकर सीएम समेत अन्य विधायक गेस्ट हाउस से निकल कर पैदल ही बांध की ओर चल दिए। इस दौरान सीएम हेमंत सोरेन, उनकी भाभी सीता सोरेन, कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद, शिल्पी नेहा टिर्की, पूर्णिमा नीरज सिंह, दीपिका पांडे सिंह, अनूप सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने एक ही नाव में नौका विहार किया।
इस दौरान कई विधायकों ने दूसरी नाव पर बैठकर बोटिंग की तो कुछ विधायक किनारे पर खड़े होकर प्रकृति का लुत्फ उठाते रहे। करीब एक घंटे तक नौका विहार के मनोरम दृश्य का लुत्फ उठाने के बाद सभी विधायक यात्री बसों और अन्य वाहनों में सवार होकर वापस लौटे।
रांची-खूंटी सीमा पर स्थित लतरातू बांध पर बोटिंग करने के बाद डुमरीगढ़ गेस्ट हाउस से यूपीए के सभी विधायक वॉल्वो बसों व अन्य वाहनों में सवार होकर रांची के लिए रवाना हो गए. सभी विधायक यात्री बस में बैठकर रिजॉर्ट पहुंचे थे, लेकिन वापस लौटने के लिए गाड़ियां लंबी नजर आ रही हैं। यूपीए विधायकों की वापसी के दौरान जहां बारिश जारी रही, वहीं सीएम और उनका काफिला संकरे रास्ते से लौट आया था। सुबह सभी कर्रा होते हुए बांध तक पहुंचे थे, लेकिन वापसी बेदो के रास्ते हुई।
सीएम हेमंत सोरेन ने लतरातू से रांची वापस लौटने के क्रम में बस से उतर गांव के बच्चों के बीच बिस्किट बांटे और उसके बाद सीधे बस में बैठकर चले गये।