श्रीनगर: भारतीय वायु सेना (IAF) ने शनिवार को एक इजरायली नागरिक को बचाया, जिसे लद्दाख के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्र में सांस लेने में कठिनाई हो रही थी। रक्षा प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
रक्षा प्रवक्ता कर्नल इमरोन मौसवी ने कहा कि सुबह 10:40 बजे, 114 हेलीकॉप्टर इकाई को मार्खा घाटी के पास निमालिंग शिविर से 'केसवैक' (आकस्मिक निकासी) के लिए कॉल आया।
कर्नल मौसवी ने बताया कि इजरायल के रहने वाले नोआम गिल को ऊंचे पहाड़ी इलाके में सांस लेने में दिक्कत हो रही थी और उनका ऑक्सीजन लेवल 68 फीसदी तक गिर गया था. उन्होंने कहा कि उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए घाटी से हवाई मार्ग से गिल को सुरक्षित निकाल लिया गया।
उन्होंने कहा कि विंग कमांडर आशीष कपूर के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम ने इस अहम मिशन के लिए उड़ान भरी थी।
कर्नल मौसवी ने बताया कि बचाव दल करीब 45 मिनट में मौके पर पहुंच गया. उन्होंने कहा कि गिल को वहां से लेने के तुरंत बाद बचाव दल ने उड़ान भरी और लेह में उतर गया।