शिमला, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने किसानों के लिए बहुत कुछ किया है और पिछले आठ वर्षों में कृषि बजट को चार गुना बढ़ाया है।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में एक जनसभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने दावा किया कि किसी अन्य सरकार ने किसानों के लिए उतना काम नहीं किया, जितना कि मौजूदा सरकार ने किया है।
उन्होंने दावा किया कि विपक्ष विरोध करने वाले किसानों की बात करता है, लेकिन मोदी सरकार उनकी समृद्धि पर ध्यान दे रही है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में कृषि बजट में चार गुना वृद्धि हुई है. अब कृषि बजट 1,33,000 करोड़ रुपये है, जबकि वर्ष 2014 में यह केवल 33 हजार करोड़ रुपये था।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में देश को एकजुट होकर विकास करना होगा।
नड्डा ने कहा, "हमें अपनी परंपरा और भारतीय संस्कृति को भी ध्यान में रखना होगा जो दुनिया में सबसे पुरानी है।"
इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पांवटा साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेका। उनका नाहन के चोगन मैदान में एक जनसभा को भी संबोधित करने का कार्यक्रम है।