तिरुवनन्तपुरम: केरल के तिरुवनंतपुरम में बीजेपी के एससी सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस देश से गायब हो रही है, दुनिया कम्युनिस्ट पार्टियों से छुटकारा पा रही है। अगर केरल का भविष्य है तो वह भाजपा है। गृह मंत्री अमित शाह केरल के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने राजधानी तिरुवनंतपुरम में दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा वह और भी कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी शामिल हैं।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी के मुताबिक बैठक में मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों, मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों और सदस्य राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी और केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में नदी जल बंटवारा, तटीय सुरक्षा, कनेक्टिविटी, बिजली और साझा हित के अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
देश में पांच क्षेत्रीय परिषदें हैं जिनकी स्थापना 1957 में राज्य पुनर्गठन अधिनियम, 1956 की धारा 15-22 के तहत की गई थी। केंद्रीय गृह मंत्री इन पांच क्षेत्रीय परिषदों में से प्रत्येक के अध्यक्ष होते हैं और मेजबान राज्य के मुख्यमंत्री (हर साल बारी-बारी से चयन) उपाध्यक्ष होते हैं।