पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच एक घंटे तक बातचीत चली।
देहरादून: पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत दिल्ली दौरे पर हैं। आज पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य के समसामयिक और ज्वलंत विषयों पर चर्चा की गई।जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद त्रिवेंद्र सिंह रावत बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने पार्टी और संगठन के अन्य नेताओं से मुलाकात की। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उत्तराखंड के राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच डेढ़ घंटे से ज्यादा समय तक बातचीत होती रही।
जेपी नड्डा के साथ त्रिवेंद्र सिंह रावत की अचानक मुलाकात और राज्य के तमाम मुद्दों पर चर्चा के बाद प्रदेश में चर्चा भी तेज हो गई है कि आखिर किन मुद्दों पर त्रिवेंद्र सिंह रावत जेपी नड्डा से मिले हैं। आपको बता दें कि फिलहाल त्रिवेंद्र सिंह रावत ही ऐसे हैं जो तमाम भर्ती घोटालों और तमाम विभागों में उठे विवादों पर खुलकर बात कर रहे हैं।
आपको बता दें कि उत्तराखंड में यूकेएसएसएससी पेपर लीक और असेंबली बैकडोर भर्ती घोटाला सुर्खियों में है। साथ ही नियुक्तियों में धांधली और भाई-भतीजावाद के चलते सरकार भी सवालों के घेरे में है। इन सबके इतर लगातार त्रिवेंद्र सिंह रावत बयान दे रहे हैं। इन बयानों से उन्होंने अपनी ही पार्टी को कटघरे में खड़ा कर दिया है।