उत्तराखंड में भर्ती घोटालों की आग थमने का नाम नहीं ले रही है. उत्तराखंड में एक के बाद एक सामने आ रहे भर्ती घोटालों से प्रदेश के युवाओं के सब्र का बांध टूटता नजर आ रहा है। राजधानी दून की सड़कों पर आज हजारों बेरोजगार जमा हो गए।
देहरादून: उत्तराखंड में एक के बाद एक सामने आ रहे भर्ती घोटालों से प्रदेश के युवाओं के सब्र का बांध टूटता नजर आ रहा है। राजधानी दून की सड़कों पर आज हजारों बेरोजगार जमा हो गए। प्रदेश भर से देहरादून पहुंचे बेरोजगारों ने परेड ग्राउंड से सचिवालय तक रैली निकाली और भर्ती परीक्षा में धांधली का विरोध करते हुए प्रदेश में अब तक हुई परीक्षाओं की सीबीआई जांच की मांग की। बेरोजगारों की भारी भीड़ देखकर पुलिस के पसीने छूट गए।
सरकार से सभी भर्तियों की सीबीआई जांच की मांग कर रहे युवाओं ने आज राजधानी में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया। प्रदेश भर से बेरोजगार युवक सबसे पहले परेड ग्राउंड में पहुंचे। उसके बाद हाथों में तख्तियां लिए तिब्बती बाजार, लैंसडाउन चौक, कनक चौक से सचिवालय तक रैली निकाली गई। हालांकि पुलिस ने सचिवालय के सामने बैरिकेड्स लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोका, जिसके बाद प्रदर्शनकारी युवक सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।
राज्य में नौकरियों में धांधली से नाराज युवा 'हकम सिंह को फांसी' जैसे नारे लगाकर सरकार के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर कर रहे थे. इस दौरान उत्तराखंड बेरोजगार संगठन के अध्यक्ष बॉबी पंवार ने कहा कि सरकार भर्ती परीक्षाओं की जांच के नाम पर बेरोजगारों को ठग रही है. राज्य गठन के बाद राज्य में हुई सभी भर्ती परीक्षाओं की जांच कर घोटाले में लिप्त सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि आज जमा हुई बेरोजगारों की भीड़ ने जिम्मेदारियां बढ़ा दी हैं. अब सबकी लड़ाई आगे भी जोरदार तरीके से लड़ी जाएगी। इधर, बेरोजगारों की रैली को आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, भारतीय संवैधानिक अधिकार मंच,बसपा और उत्तराखंड क्रांति दल जैसी पार्टियों ने भी समर्थन दिया है।