हरिद्वार के रुड़की में कक्षा 9 की छात्रा के अपहरण का प्रयास। हालांकि, एक ई-रिक्शा चालक की बहादुरी के कारण बदमाश अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके और वहां से फरार हो गए। ग्रामीणों ने बदमाशों की खेतों में तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। वहीं इस मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस इसे अपहरण का मामला नहीं मान रही है और न ही इस मामले में अभी तक मामला दर्ज किया गया है।
रुड़की: हरिद्वार जिले में बदमाश दिन दहाड़े पुलिस को चुनौती दे रहे हैं, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। ऐसा ही एक मामला हरिद्वार जिले के रुड़की से सामने आया है। झाबरेड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिन दहाड़े कक्षा नौ की एक छात्र का अपहरण करने का प्रयास किया गया जब वो मंगलवार की दोपहर छुट्टी होने के बाद वापस अपने घर जा रहा था बताया जा रहा है कि जब वह बल्लास्वागत गांव से अपने गांव के रास्ते पर पहुंचा तो रास्ते में तीन से चार बदमाशों ने उसको पकड़ लिया और उसे उठाकर गन्ने के खेत की ओर ले जाने लगे।
बताया गया है कि बदमाशों ने उसके मुंह में कागज भर दिया। इस दौरान लक्ष्य ने शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उसे डरा दिया। इसी दौरान पीछे से एक ई-रिक्शा चालक आया। ई-रिक्शा चालक को देख बदमाश बच्चे को छोड़कर भाग गए, जिसके बाद ई-रिक्शा चालक बच्चे को अपने साथ ले गया और पुलिस व ग्रामीणों को मामले की सूचना दी।
सूचना पर तत्काल गांव के 20 से 25 ग्रामीण मौके पर पहुंचे। साथ ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस व ग्रामीणों ने घंटों गन्ने के खेत में बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश नहीं मिले। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
वहीं, मामले में झाबरेड़ा थाना संजीव थपलियाल ने कहा कि बच्चे के अपहरण की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ई-रिक्शा चालक ने बताया है कि बदमाशों को गन्ने के खेत में देखा गया है, पुलिस हर पहलू को देख रही है और मामले की जांच कर रही है।