नयी दिल्ली, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जी-23 समूह के प्रमुख सदस्य आनंद शर्मा ने बुधवार को पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को उनकी 'भारत जोड़ो यात्रा' की बधाई देते हुए कहा कि यह भारत के समावेशी लोकतंत्र को बनाए रखने और एकता को मजबूत करने में मदद करेगा।
शर्मा कांग्रेस के 'जी-23' नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने अगस्त 2020 में पार्टी अध्यक्ष को लिखे एक पत्र में सभी स्तरों पर संगठनात्मक परिवर्तन और चुनाव की मांग की थी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह 3,500 किलोमीटर से अधिक लंबी 'भारत जोड़ो यात्रा' में शामिल होने के लिए उत्सुक हैं, जब यह उनके गृह राज्य हिमाचल प्रदेश के पास पहुंच जाएगी। हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
उन्होंने ट्विटर पर कहा, "राहुल गांधी और सभी यात्रियों को मेरी एकजुटता और शुभकामनाएं देता हूं। भारत जोड़ो यात्रा भारत के समावेशी लोकतंत्र को बनाए रखने, लोगों को अन्याय, असमानता और असहिष्णुता के खिलाफ एकजुट करने का मिशन है। साथ ही, यह एक प्रतिबद्धता है। राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए।"
उन्होंने कहा, ‘‘जब यात्रा जम्मू-कश्मीर होते हुए मेरे गृह राज्य हिमाचल प्रदेश के पास पहुंचेगी, तो मैं उसमें शामिल होने के लिए उत्सुक हूं।’’
'भारत जोड़ो यात्रा' गुरुवार सुबह कन्याकुमारी से शुरू हो रही है और 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरते हुए करीब पांच महीने में कश्मीर में खत्म होगी।
कांग्रेस ने इसे देश के किसी भी राजनीतिक दल की सबसे लंबी 'पद यात्रा' बताया है। पार्टी ने कहा कि यह भारतीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ है और एक "नई शुरुआत" का प्रतीक है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक ट्वीट में कहा, "7 सितंबर, 2022, एक ऐसा दिन जब भारत का सबसे पुराना राजनीतिक दल अब तक की सबसे लंबी पदयात्रा शुरू करेगा। यह शांत चिंतन और नए संकल्प का दिन है।"
#BharatJodoYatra,