हरिद्वार में तीन बच्चों की मां के साथ रेप का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि एक युवक ने नौकरी का झांसा देकर उसे नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया। युवक उसके जेवर और नकदी लेकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि चोरी के मामले में आरोपी पहले ही जेल जा चुका है. जिसे महिला बचाकर ले आई थी।
हरिद्वारः उत्तराखंड में लगातार बच्चियों और महिलाओं से रेप के मामले सामने आ रहे हैं. ताजा मामला रानीपुर कोतवाली क्षेत्र का है। जहां एक युवक ने महिला को पहले नौकरी का झांसा दिया, फिर बर्थडे के बहाने उसके घर गया और नशीला पदार्थ खिलाकर उसकी आबरू लूट ली। इतना ही नहीं आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो और फोटो भी खींच लिए। आरोप है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देने ,महिला से युवक ने सोने के जेवर व नकदी ले ली और फरार हो गया। वहीं, कोर्ट की फटकार के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
दरअसल, रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने कोर्ट में अर्जी देकर बताया है कि वह 11 साल से अपने पति से अलग रह रही है। उसके तीन बच्चे हैं। दो साल पहले वह नौकरी की तलाश में थी, तभी उसकी पहचान ज्वालापुर के हरिलोक कॉलोनी निवासी विशाल कुमार से हुई। विशाल ने नौकरी दिलाने का आश्वासन देते हुए उसका मोबाइल नंबर लिया। विशाल ने मोबाइल पर नौकरी दिलाने के बहाने उससे बात करना शुरू कर दिया, इसी बीच दोनों में दोस्ती हो गई।
आरोप है कि विशाल पिछले साल 28 अगस्त को अपने घर पहुंचा। उस समय बच्चे स्कूल जा चुके थे। विशाल ने उससे उसका बायोडाटा मांगा और फिर उसके जन्मदिन के बहाने उसे नशीला मिठाई खिलाई। जब वह बेहोश हो गई तो विशाल ने उसके साथ रेप किया, फिर अश्लील वीडियो और फोटो खींचे। जिसके आधार पर वह उसे ब्लैकमेल करने लगा। वह उसका यौन शोषण भी करने लगा। इस दौरान विशाल चोरी के मामले में जेल चला गया।
वहीं पीड़िता ने बताया कि विशाल ने उससे शादी करने और जेल से छूटने पर अश्लील वीडियो और फोटो डिलीट करने का वादा किया था, लेकिन जैसे ही वह जेल से बाहर आते ही , उसने अश्लील वीडियो और तस्वीरों के आधार पर उसके साथ फिर से दुष्कर्म करना शुरू कर दिया। इस बीच विशाल उसके सोने की अंगूठियां और बालियां और 20 हजार नकद लेकर फरार हो गया। महिला का आरोप है कि उसने काफी देर तक विशाल की तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
अंत में पीड़िता ने कोतवाली रानीपुर पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई, लेकिन पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के बजाय उसी को फटकार लगाई और कोतवाली से भगा दिया। उसने कई बार पुलिसकर्मियों से इस संबंध में मामला दर्ज करने को कहा, लेकिन जब थाने में सुनवाई नहीं हुई तो उसने अदालत का दरवाजा खटखटाया। जिसके बाद कोर्ट ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए कोतवाली रानीपुर पुलिस को केस दर्ज करने के आदेश जारी किए। कोतवाली रानीपुर प्रभारी रमेश तंवर ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।