पौड़ी जिले का टीला गांव इन दिनों अज्ञात बीमारी की चपेट में है. अब तक 100 से ज्यादा ग्रामीण इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। वहीं स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत को इस बीमारी की खबर सोशल मीडिया से मिली। जिसके बाद धन सिंह रावत ने मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी पौड़ी को तत्काल डॉक्टरों की टीम को टीला गांव इलाज के लिए भेजने के निर्देश दिए हैं।
श्रीनगर: पौड़ी जिले के पैठानी के टीला गांव में पिछले एक सप्ताह से 100 से अधिक ग्रामीण अज्ञात बीमारी से पीड़ित हैं। वहीं, 25 से ज्यादा स्कूली छात्र भी इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। जिससे पिछले एक सप्ताह से बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। वहीं, सूचना मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने मामले का संज्ञान लिया है।
टीला गांव के लोगों ने बताया कि ग्रामीणों को तेज बुखार, सीने में दर्द, उल्टी, हाथ-पैर के जोड़ों में दर्द और चक्कर आने की शिकायत हो रही है. इस रोग से पीड़ित व्यक्ति अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो पाता है। ग्रामीण धूम सिंह नेगी ने कहा कि शुरू में केवल एक या दो व्यक्ति ही बीमार हुए थे, लेकिन धीरे-धीरे अब 100 से अधिक ग्रामीण इसकी चपेट में आ गए हैं. 1700 से ज्यादा आबादी वाले इस गांव में अब इस बीमारी के फैलने का डर सता रहा है. जिस वजह से अब भी कोई एक दूसरे के घर की सुध लेने नहीं जा रहा।
इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत को सोशल मीडिया के जरिए जानकारी मिली। जिसके बाद उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी पौड़ी को तत्काल इलाज के लिए डॉक्टरों की टीम टीला गांव भेजने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही मंत्री ने खुद ग्रामीणों को फोन कर जानकारी दी कि कल स्वास्थ्य विभाग की टीम आपके गांव पहुंच जाएगी।
वहीं सीएमओ पौड़ी ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित पाटिल को गांव में मेडिकल टीम गठित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही सीएमओ ने सीएचसी केंद्र से एक स्वास्थ्यकर्मी को तत्काल फील्ड सर्वे के लिए टीला गांव भेजने के निर्देश दिए।