एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में सीटें कम करने को लेकर छात्र आक्रोशित हैं। छात्रों ने विवि का पूरा कामकाज ठप कर दिया। छात्रों ने विश्वविद्यालय की सीटों को बरकरार रखने और समय पर छात्र संघ चुनाव कराने की भी मांग की। विवि प्रशासन ने छात्रसंघ चुनाव कराने की मंजूरी दे दी है।
श्रीनगर: उत्तराखंड का इकलौता केंद्रीय विश्वविद्यालय इन दिनों युद्ध का अखाड़ा बना हुआ है। आए दिन किसी न किसी वजह से छात्र और विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अमले एक दूसरे पर हावी रहते हैं। मंगलवार को फिर गढ़वाल विश्वविद्यालय के नाराज छात्रों ने प्रशासनिक भवन को जबरन बंद कर मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया। कर्मचारियों को भी काम करने से रोक दिया गया। छात्र इस बात से नाराज हैं कि विश्वविद्यालय ने अचानक यूजी और पीजी में विभिन्न विषयों की सीटों में कटौती की है।
गढ़वाल विश्वविद्यालय के छात्र संगठन जय हो के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र प्रशासनिक भवन के सामने नारे लगाते रहे। जब कोई अधिकारी छात्रों की बात सुनने नहीं पहुंचा तो छात्रों ने प्रशासनिक भवन में कार्यरत कर्मचारियों को कार्यालय से बाहर बुलाकर प्रशासनिक भवन का सारा काम बाधित कर दिया। छात्रों ने बताया कि विवि ने करीब 2500 सीटों में कटौती की है। इससे अब प्रदेश के एकमात्र केंद्रीय विश्वविद्यालय में छात्र प्रवेश नहीं ले सकेंगे। इसका सभी छात्र विरोध कर रहे हैं।
छात्र संगठन के लोगों ने कहा कि अगर दोबारा सीटें नहीं बढ़ाई गईं तो छात्र विश्वविद्यालय को पूरी तरह बंद कर देंगे. जिसकी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। छात्रों ने विश्वविद्यालय से छात्र संघ चुनाव कराने की भी मांग की है. छात्रों ने कहा कि छात्र संघ हमेशा से छात्रों के हित का मुद्दा उठाता रहा है. लेकिन पिछले तीन साल से चुनाव नहीं हुए हैं. इस साल विवि को किसी भी हाल में चुनाव कराना होगा।
वहीं, छात्रों के हंगामे के बाद गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलसचिव अजय खंडूरी छात्रों को शांत कराने पहुंचे। लेकिन छात्रों ने उन्हें लिखित में सीटें तय करने और चुनाव कराने के आदेश जारी करने को कहा. छात्रों के धरने के बाद विवि ने सभी विभागों के डीन की बैठक बुलाने का आदेश जारी किया. साथ ही छात्रसंघ चुनाव कराने के आदेश भी जारी किए गए।