नवनियुक्त सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने आज विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालते ही बंशीधर तिवारी ने विभागीय कार्यों की जानकारी ली. साथ ही मीडिया से बेहतर तालमेल के साथ नई तकनीक के इस्तेमाल पर विशेष ध्यान दिए जाने की बात कही है।
देहरादून: आईएएस रणवीर सिंह को हटाए जाने के बाद सूचना महानिदेशक बने बंशीधर तिवारी ने आज अपना कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार संभालने के बाद बंशीधर तिवारी ने विभागीय कार्यों की जानकारी ली. इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में सूचना विभाग की अहम भूमिका है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मीडिया के साथ बेहतर तालमेल के साथ नई तकनीक के इस्तेमाल पर विशेष ध्यान दिया जाए. सरकार की योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के लिए विभिन्न प्रचार माध्यमों का उपयोग किया जाए। सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सूचना प्रौद्योगिकी के प्रयोग पर विशेष ध्यान दिया जाए।
सूचना महानिदेशालय ने कहा कि प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ-साथ सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को मीडिया के साथ बेहतर तालमेल बनाकर जनता तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला सूचना कार्यालयों के सुदृढ़ीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि राज्य के दूर-दराज के इलाकों में सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा सके।