इंफाल: मणिपुर में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के पांच विधायक शुक्रवार को सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए। इस बात की जानकारी मणिपुर विधानसभा सचिव के मेघजीत सिंह ने दी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने जदयू के पांच विधायकों के भाजपा में विलय को संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत स्वीकार कर लिया है। उन्होंने अपने फैसले पर खुशी भी जाहिर की है।
भाजपा में शामिल हुए जदयू के पांच विधायकों के नाम केएच जॉयकिशन, एन सनाटे, मोहम्मद अछाबुद्दीन हैं। इनके अलावा पूर्व पुलिस महानिदेशक एएम खौटे और थंगजाम अरुणकुमार भी भाजपा में शामिल हो गए हैं। खौटे और अरुणकुमार ने विधानसभा चुनाव में बीजेपी से टिकट की मांग की थी. हालांकि इसमें उन्हें सफलता नहीं मिली इसलिए दोनों ने जदयू के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।
इस साल मार्च के महीने में मणिपुर विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए गए थे। जिसमें बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। जद (यू) ने इस साल मार्च में हुए विधानसभा चुनाव में 38 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से छह पर उसे जीत मिली थी। हालांकि अब पार्टी को बड़ा झटका लगा है। 6 में से 5 विधायक बीजेपी में शामिल हो गए।