नयी दिल्ली, हैदराबाद 'राज्य की मुक्ति' के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में केंद्र सरकार एक साल तक चलने वाले कार्यक्रम का आयोजन करेगी। केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह 17 सितंबर को उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।
3 सितंबर को लिखे एक पत्र में उन्होंने कहा, "मुझे आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि विभिन्न पहलुओं पर विचार करने के बाद, भारत सरकार ने हैदराबाद राज्य की मुक्ति की 75 वीं वर्षगांठ मनाने का फैसला किया है।भारत सरकार ने इस उपलक्ष्य में 17 सितंबर 2022 से 17 सितंबर 2023 तक साल भर चलने वाले कार्यक्रमों के आयोजन को मंजूरी दी है।’’
रेड्डी ने तीन मुख्यमंत्रियों- के चंद्रशेखर राव (तेलंगाना), बसवराज बोम्मई (कर्नाटक) और एकनाथ शिंदे (महाराष्ट्र) को अपने राज्यों में उद्घाटन दिवस मनाने के लिए उचित कार्यक्रम आयोजित करने के लिए संबोधित किया।
उन्होंने लिखा कि तीनों मुख्यमंत्रियों को पूरे साल के लिए योजनाएं तैयार करनी चाहिए और इन योजनाओं को भारत सरकार के साथ साझा करना चाहिए, ताकि साल के कार्यक्रमों की योजना बनाने में समग्र दृष्टिकोण अपनाया जा सके।
हैदराबाद राज्य निज़ाम के शासन के अधीन था और पुलिस ने भारत में इसके विलय के लिए 'ऑपरेशन पोलो' नामक एक अभियान चलाया था, जो 17 सितंबर 1948 को समाप्त हुआ था।
सिकंदराबाद के सांसद रेड्डी ने बाद में ट्वीट किया कि उद्घाटन कार्यक्रम "संस्कृति मंत्रालय के तत्वावधान में" आयोजित किया जाएगा और "निजामों और रजाकारों के अत्याचारों के खिलाफ लड़ने वालों के जीवन और बलिदान को प्रदर्शित करेगा"।
पटेल के साथ अंतिम निजाम मीर उस्मान अली खान की एक अभिलेखीय छवि साझा करते हुए, उन्होंने ट्वीट किया, "यह समारोह सरदार वल्लभभाई पटेल और उन सभी को एक उचित श्रद्धांजलि होगी जिन्होंने मुक्ति संग्राम के दौरान बलिदान और योगदान दिया।"
तीन मुख्यमंत्रियों को लिखे अपने पत्र में उन्होंने यह भी लिखा, "जैसा कि आप जानते हैं, 1947 में जब भारत स्वतंत्र हुआ, तो 562 रियासतों ने भारतीय संघ में विलय की घोषणा की थी। तत्कालीन हैदराबाद राज्य ने इसका विरोध किया था। 17 सितंबर 1948 को, भारत को अंग्रेजों से आजादी मिलने के एक साल से भी अधिक समय के बाद, तत्कालीन हैदराबाद राज्य, जिसमें संपूर्ण तेलंगाना राज्य और महाराष्ट्र और कर्नाटक के कुछ जिले शामिल थे, को निजाम के शासन की क्रूरता और अत्याचार से मुक्ति मिली।उन्होंने कहा कि 'ऑपरेशन पोलो' के तहत सरदार पटेल की त्वरित और समयबद्ध कार्रवाई के कारण यह संभव हुआ।