नयी दिल्ली, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार से तीन दिवसीय मिस्र दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को प्रगाढ़ करने के लिए वहां अपने मंत्री समकक्ष के साथ विचार-विमर्श करेंगे।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सिंह की यात्रा के दौरान भारत और मिस्र के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे।
सिंह ने ट्वीट किया, "मैं मिस्र की तीन दिवसीय यात्रा पर कल, 18 सितंबर को काहिरा में रहूंगा।"
उन्होंने कहा, "मैं दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के लिए अपने समकक्ष जनरल मोहम्मद अहमद जकी के साथ चर्चा करने के लिए उत्सुक हूं।"
मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्ष द्विपक्षीय रक्षा संबंधों की समीक्षा करेंगे और दोनों देशों की सेनाओं के बीच संपर्क बढ़ाने के नए तरीके तलाशेंगे और दोनों देशों के रक्षा उद्योगों के बीच सहयोग को गहरा करने पर जोर देंगे।
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "रक्षा मंत्री मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सीसी से भी मुलाकात करेंगे। सिंह की यात्रा का उद्देश्य भारत और मिस्र के बीच रक्षा सहयोग और विशेष दोस्ती को और गहरा करना है।