भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर 2022 को अपना 72वां जन्मदिन मना रहे हैं। पूरी दुनिया के साथ-साथ उन्हें बॉलीवुड से भी खूब बधाइयां मिल रही हैं. पीएम मोदी को अब तक कई सेलेब्स बधाई संदेश शेयर कर चुके हैं। अब सुपरस्टार शाहरुख खान ने भी सोशल मीडिया पर देश के प्रधानमंत्री को विश किया है। इसके साथ ही शाहरुख ने पीएम मोदी को उनके जन्मदिन के मौके पर एक छोटी सी सलाह भी दी है।
शाहरुख खान ने इस नोट को ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा, 'हमारे देश और यहां के लोगों की बेहतरी के लिए आपका समर्पण बेहद सराहनीय है। आपको अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए शक्ति और स्वास्थ्य मिले। महोदय, एक दिन की छुट्टी लें और अपने जन्मदिन का आनंद लें। जन्मदिन की शुभकामनाएं।'
आपको बता दें कि शाहरुख खान से पहले अजय देवगन, अक्षय कुमार, अनुपम खेर, परेश रावल, कंगना रनौत, आर माधवन, महेश बाबू, चिरंजीवी जैसे बड़े सुपरस्टार्स ने भी अपने-अपने तरीके से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है। बॉलीवुड सितारों के अलावा देश-विदेश के नेताओं ने भी पीएम मोदी को बधाई संदेश भेजे हैं।
इस बीच, काम के मोर्चे पर, शाहरुख खान वर्तमान में चेन्नई में अपनी फिल्म जवान की शूटिंग कर रहे हैं जिसमें उनके साथ नयनतारा दिखाई देंगी। इसके अलावा शाहरुख खान ने राजकुमार हिरानी की फिल्म 'डंकी' का शूटिंग शेड्यूल भी पूरा कर लिया है जिसमें उनके साथ तापसी पन्नू नजर आएंगी। इसके साथ ही शाहरुख खान ने अपनी फिल्म 'पठान' की शूटिंग भी पूरी कर ली है जिसमें उनके साथ दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम नजर आएंगे। ये तीनों फिल्में 2023 में रिलीज होंगी।