हरिद्वार में त्रिस्तरीय जिला पंचायत चुनाव को देखते हुए जिला बदर में बहादराबाद थाना पुलिस ने दो बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की है। अब ये आरोपी अगले 6 महीने तक जिले की सीमा में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। तो वहीं ज्वालापुर पुलिस ने 3.35 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
हरिद्वार: आगामी त्रिस्तरीय जिला पंचायत चुनाव को देखते हुए जिले की पुलिस ने वांछितों के खिलाफ कार्रवाई अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही ऐसे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है, जो चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी कर सकते हैं। बहादराबाद थाना पुलिस ने न केवल एक ही क्षेत्र के दो बदमाशों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की है, बल्कि जिला बदर करते हुए उन्हें सीमा से बाहर करने का काम भी किया है। अब ये आरोपी अगले 6 महीने तक जिले की सीमा में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
बहादराबाद थाने से मिली जानकारी के अनुसार एसएसपी हरिद्वार के आदेश पर चुनाव के सफल आयोजन के लिए अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में शराब सट्टा व अवैध धंधे में लिप्त आरोपियों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसी कार्रवाई के तहत पुलिस ने बुधवार को सोनू पुत्र ध्यान सिंह व शहजाद पुत्र अख्तर को गुंडा एक्ट में गिरफ्तार कर अगले 6 माह के लिए जिला बदर कर दिया है।
थाना बहादराबाद नितेश शर्मा ने बताया कि इन दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर पुलिस ने उन्हें जिले की सीमा से बाहर छोड़ दिया है। इसके साथ ही सख्त निर्देश दिए गए हैं कि अगले 6 महीने में अगर ये जिले की सीमा में कहीं भी दिखे तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।
हरिद्वार जिले की ज्वालापुर पुलिस ने 3.35 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी त्रिमूर्ति नगर में एक खाली प्लॉट में स्मैक बेच रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ज्वालापुर कोतवाल आरके सकलानी के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुहैल अहमद (मक्का मस्जिद ईदगाह के पीछे का रहने वाला) बताया है। आरोपी ने बताया कि वह स्मैक का आदी है और अपनी जरूरत पूरी करने के लिए स्मैक बेचता है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया।