देहरादून पुलिस ने लंबे समय से अपराध में लिप्त 68 लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली है। ऐसे में जल्द ही इन अपराधियों को जिला बदर कर दिया जाएगा।
देहरादून: लंबे समय से जिले के अंतर्गत समाज में दहशत पैदा करने वाले 68 अपराधियों को गुंडा एक्ट के तहत जिला बदर करने की तैयारी पूरी हो चुकी है। अगले 2 महीने के अंतराल में ऐसे लोगों को अगले 6 महीने के लिए जिले से डिपोर्ट कर दिया जाएगा। देहरादून एसएसपी के अनुसार जिले में लंबे समय से विभिन्न प्रकार की गंभीर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त 68 अपराधी जिले से बाहर तड़ीपार हों, यह सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी के माध्यम से कार्रवाई सुनिश्चित करने का पूरा खाका तैयार किया गया है।
इस पर जिलाधिकारी से कानूनी कार्रवाई पर सहमति बन गई है। ऐसे में प्राथमिकता के आधार पर अगले डेढ़ से दो माह में गुण-दोष के आधार पर गुंडा एक्ट के तहत सभी अपराधियों को जिले से बाहर कर दिया जाएगा।
वहीं देहरादून जिले में फर्जी दस्तावेज व फर्जीवाड़े के आधार पर सरकारी व अशासकीय जमीन पर कब्जा करने वाले क्षेत्र के भूमाफियाओं के खिलाफ गैंगस्टर कार्रवाई सुनिश्चित की गयी है। एसएसपी दलीप सिंह कुंवर के मुताबिक जिले में ऐसे 76 भूमाफियाओं के खिलाफ गैंगस्टर कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी के मुताबिक साजिश के तहत जिले में भय का माहौल बनाकर लंबे समय से संपत्ति पर कब्जा करने वाले ऐसे माफिया के सभी मामलों की सूची तैयार कर ली गई है।
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले दिए गए 47 माफियाओं के खिलाफ न सिर्फ गैंगस्टर कार्रवाई की गई है। बल्कि उसके द्वारा अर्जित संपत्तियों को गैंगस्टर एक्ट प्रक्रिया 14(1) के तहत अवैध रूप से जब्त करने की कार्यवाही की जा रही है। गैंगस्टर एक्ट की इस कार्रवाई में 21 लोग शामिल हैं जिन पर उत्तराखंड में यूकेएसएसएससी भर्ती परीक्षा में पेपर लीक करने का आरोप लगे हैं।