पौड़ी पुलिस ने गोविंद बल्लभ पंत इंजीनियरिंग कॉलेज घुरदौरी के पूर्व रजिस्ट्रार संदीप कुमार को कार्यालय दस्तावेज गुम होने के आरोप में देहरादून से गिरफ्तार किया है। वर्ष 2021 में संस्थान के तत्कालीन कार्यवाहक रजिस्ट्रार डॉ. संजीव नैथानी ने पूर्व रजिस्ट्रार संदीप कुमार के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पौड़ी:पुलिस ने गोविंद बल्लभ पंत इंजीनियरिंग कॉलेज घुरदौरी के पूर्व रजिस्ट्रार संदीप कुमार को गिरफ्तार किया है। पौड़ी कोतवाली के एसएचओ विनोद सिंह गुसाई ने बताया कि 23 अक्टूबर 2021 को गोविंद बल्लभ पंत इंजीनियरिंग संस्थान घुरदौरी के तत्कालीन कार्यवाहक रजिस्ट्रार डॉ. संजीव नैथानी ने कोतवाली में पूर्व रजिस्ट्रार संदीप कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।
कार्यवाहक रजिस्ट्रार डॉ संजीव नैथानी ने संस्थान में वर्ष 2018-19 में शिक्षकों और कुलसचिव पदों की नियुक्ति के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया के सरकारी महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब होने की शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
एसएचओ विनोद सिंह गुसाई ने बताया कि जांच में संदीप कुमार के खिलाफ शिक्षकों और रजिस्ट्रार के पदों पर नियुक्ति के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया के सरकारी महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब होने के सबूत मिले हैं। पुलिस ने पुख्ता सबूतों के आधार पर संदीप कुमार को देहरादून से गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपी संदीप कुमार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस जल्द ही संदीप कुमार को कोर्ट में पेश करेगी।