पथरी थाना क्षेत्र में जहरीली शराब की घटना के बाद से सरकारी प्रशासन ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। वहीं, आज आबकारी विभाग की टीम ने सूचना पर हरकी पैड़ी क्षेत्र से अवैध शराब बरामद की है।
हरिद्वार: पथरी थाना क्षेत्र में जहरीली शराब की घटना के बाद शराब की बिक्री को लेकर प्रशासन से लेकर सरकार तक सख्त रुख है। जिला आबकारी अधिकारी समेत कई अधिकारियों को जिले से हटा दिया गया है। वहीं नए जिला आबकारी अधिकारी कार्यभार संभालते ही एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। गुरुवार की देर शाम हरकी पैड़ी इलाके में आबकारी टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब बरामद की है। वहीं, टीम ने मौके से एक महिला शराब विक्रेता को भी गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार हरकी पैड़ी क्षेत्र में शराब की बिक्री की सूचना पर आबकारी टीम ने एक घर पर छापा मारा. यहां एक महिला अंग्रेजी और देशी शराब बेचते पकड़ी गई। घर से छह से सात पेटी शराब बरामद हुई है। जिला आबकारी अधिकारी प्रभा शंकर मिश्रा ने बताया कि पथरी व लक्सर क्षेत्र में कच्ची शराब बनाने व बेचने वालों की गिरफ्तारी के साथ ही शहरी क्षेत्रों में भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि संतोषी देवी को हरकी पैड़ी क्षेत्र में घर में शराब बेचते हुए पकड़ा गया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मौके से करीब छह पेटी देशी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।