देहरादून : उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों में तापमान बढ़ने पर तेज गर्मी पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने तेज गर्मी को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड में जून के अंत तक मानसून के आने की उम्मीद भी जताई है। उत्तराखंड में अब तक प्री मानसून की बारिश होने के कारण गर्मी का अहसास कम हो रहा था। जून महीने के साथ ही तापमान में भी वृद्धि होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार-पांच दिन में तापमान तेजी से बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, अभी अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास है। 12 जून तक कुछ मैदानी जिलों में तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच जाएगा। प्रदेश में भले ही तापमान बढ़ रहा हो, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में होने वाली बारिश ने इस गर्मी से राहत दिलाई है। इस बार गर्मियों में उत्तराखंड में झमाझम बारिश हुई है। मई माह में सर्वाधिक 52 फीसदी बारिश दर्ज की गई। हालांकि, अभी उत्तराखंड में मानसून आने में देरी है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. विक्रम सिंह के अनुसार उत्तराखंड में मानसून एक सप्ताह की देरी से आ सकता है। सामान्यता मानसून कुमाऊं क्षेत्र में 20 जून को एंट्री करता है और 25 जून तक पूरे उत्तराखंड को कवर कर लेता है, लेकिन इस बार मानसून आने में देरी हो रही है। बताया कि केरल में एक जून तक मानसून पहुंचता है, लेकिन इस बार अब तक मानसून ने दस्तक नहीं दी है, इसीलिए यह संभावना जताई जा रही है कि उत्तर भारत में मानसून देरी से पहुंचेगा। यदि मानसून सामान्य गति से भी आगे बढ़ता है तो उत्तराखंड में मानसून एक सप्ताह की देरी से जून के अंत तक पहुंचने की उम्मीद है।
उत्तराखंड में गर्मी का पारा जैसे ही लोगों को झुलसाने लगता है, वैसे ही प्री मानसून की बारिश गर्मी से राहत दे देती है। प्रदेश के मैदानी जिलों में जहां तापमान में बढ़ोतरी होने केआसार हैं। वहीं, मौसम विभाग में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में कहीं-कहीं तेज गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। पर्वतीय क्षेत्रों में आने वाले दिनों में भी बारिश होने की उम्मीद है। प्रदेश में जहां दिन के समय पारा चढ़ा हुआ है वहीं रात को तापमान सामान्य होने के कारण गर्मी का एहसास कम हो रहा है।