देहरादून: बीजेपी नेता यशपाल बेनाम (Yashpal Benam news) की बेटी का 28 मई को एक मुसलमान युवक के साथ होने वाला विवाह कार्यक्रम रद्द हो गया है। मीडियाकर्मियों से यहां बातचीत में पूर्व विधायक और और पौड़ी के नगर पालिका अध्यक्ष बेनाम ने कहा कि बेटी की खुशी के लिए वह मुसलमान युवक के साथ उसका विवाह कराने को राजी हो गए थे। इसके बाद सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर इसे लेकर हुई प्रतिक्रिया के मद्देनजर फिलहाल तय विवाह कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘जैसा माहौल बनाया गया है, उसे देखते हुए वधू और वर पक्ष के परिवारों ने साथ बैठकर यह फैसला लिया है कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्हें पुलिस के साये में विवाह कार्यक्रम संपन्न करवाना शोभा नहीं देता। माहौल अनुकूल नहीं होने के कारण और जनता का ध्यान रखते हुए दोनों परिवारों ने तय किया है कि आगामी 26, 27 और 28 को होने वाले विवाह कार्यक्रम न किए जाएं।’
पिछले दिनों बेनाम की पुत्री मोनिका तथा उत्तर प्रदेश के अमेठी निवासी मोहम्मद मोनिस की शादी का कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
वहीं, मोनिस के पिता रईस ने 28 मई को होने वाले विवाह कार्यक्रम रद्द होने की कोई वजह नहीं बताई।