फरीदाबाद: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने फरीदाबाद से पलवल तक मेट्रो के विस्तार को मंजूरी देने की घोषणा की है। सीएम खट्टर फरीदाबाद लोकसभा की रैली में शिरकत करने पहुंचे थे। गौरवशाली रैली का आयोजन मोदी सरकार के नौ साल-बेमिसाल कार्यक्रम के उपलक्ष्य में किया गया था। इसी दौरान सीएम खट्टर ने बहुप्रतीक्षित फरीदाबाद से पलवल तक मेट्रो विस्तार से जुड़ी इस जानकारी को साझा किया। इसको मेट्रो परियोजना को लेकर हरियाणा सरकार ने अपने बजट में भी पूरा करने का वादा किया था। फरीदाबाद में गौरवशाली रैली का आयोजन केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर की ओर से किया गया था।
सीएम मनोहर लाल ने रैली के दौरान दो बड़ी घोषणाएं की। इनमें बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो चलाने और पलवल से जेवर एयरपोर्ट को जोड़ने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि मेट्रो को मंजूरी दिलाने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री से बात करेंगे। संभावना जताई जा रही है कि लोकसभा चुनाव से पहले मेट्रो को हरी झंडी मिल सकती है। सीएम ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले नौ सालों में बेमिसाल काम किए हैं। इनमें दिल्ली-बडौदा-मुंबई एक्सप्रेस वे, दिल्ली से आगरा तक नेशनल हाईवे को फोर से सिक्स लेन, जेवर एयरपोर्ट, हाईवे, मेट्रो, इंडस्ट्री के क्षेत्र में बेहतरीन काम किया है। सरकार ने शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सुविधाएं और सम्मान देने का काम किया है।
खट्टर ने कहा कि जिन कार्यों के लिए नेताओं और चंडीगढ के चक्कर काटने पड़ते थे, वे काम अब घर बैठे हो रहे हैं। बिना खर्ची और पर्ची के काबिल युवक नौकरी ले रहे हैं। पूर्व की सरकारों में नौकरी के लिए दलाली करने वाले अपने को बेरोजगार पाकर छटपटा रहे हैं। एक लाख रुपये से काम आय वालों का जीवन स्तर उठाने के लिए काम किया जा रहा है। जिनकी आय एक लाख 80 हजार रुपये हैं उन्हें बीपीएल की सूची में रखा गया है।
प्रदेश के दो करोड़ 80 लाख लोगों और 70 लाख परिवारों के पहचान पत्र दो महीने में ठीक कर दिए जाएंगे। इसके लिए एक हजार युवकों को भर्ती किया गया है। भयमुक्त समाज और जात-पात से उपर उठकर आम आदमी के हित में काम किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि 10 हजार लोगों से मोबाइल पर बात करते हैं। उनकी समस्याओं का समाधान करते हैं और विकास कार्यो का जायजा लेते हैं। गुंडागर्दी करने वालों को ठीक करेंगे और प्रदेश में अमन और विकास के लिए काम करेंगे।