नई दिल्ली: 2024 लोकसभा चुनाव के लिए पक्ष-विपक्ष में खुद को और मजबूत करने की खींचतान जारी है। केंद्र की सत्ता में आसीन बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की देश की राजधानी दिल्ली में बैठक चल रही है। इससे पहले आज ही विपक्ष के 26 दलों की मीटिंग बेंगलुरु में हुई। इस बैठक में विपक्षी दलों ने अपने गठबंधन का नाम संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) से बदलकर इंडियन नैशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस (INDIA) कर दिया। कहा जा रहा है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस नए नाम का प्रस्ताव रखा था। बहरहाल, दिल्ली में हो रही एनडीए की मीटिंग में बीजेपी समेत कुल 38 पार्टियां शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मीटिंग से पहले एक ट्वीट में एनडीए को कसौटियों पर खरा उतरने वाला गठबंधन बताया।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, 'यह बेहद खुशी की बात है कि पूरे भारत से एनडीए के हमारे साझेदार आज दिल्ली में बैठक में भाग लेंगे। हमारा गठबंधन हर कसौटी पर खरा उतरने वाला है जो देश की प्रगति को आगे बढ़ाने और क्षेत्रीय आकांक्षाओं को पूरा करने की चाहत रखता है।'
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी गठबंधन पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'चौबीस’ के लिए ‘छब्बीस’ होने में जुटे राजनीतिक दलों पर अवधी की यह कविता बिल्कुल फिट बैठती है।'