नई दिल्ली: संसद का मॉनसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा। 11 अगस्त तक चलने वाले सत्र में कुल 17 दिन कामकाज होगा। बुधवार (19 जुलाई) को केंद्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। संसदीय ग्रंथालय भवन में होने वाली बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। संसद का सत्र शुरू होने से पहले विपक्षी दलों की मंगलवार को बेंगलुरु में बैठक हुई, जबकि BJP के नेतृत्व वाले NDA की बैठक भी मंगलवार को ही दिल्ली में हुई। 26 विपक्षी दलों ने I.N.D.I.A नाम से गठबंधन किया है। संसद में विपक्ष के I.N.D.I.A और सत्ताधारी NDA की जंग दिलचस्प होने वाली है। मॉनसून सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं। एक ओर जहां सत्ता पक्ष महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराने का प्रयास करेगा, वहीं दूसरी ओर विपक्ष मणिपुर हिंसा, रेल सुरक्षा, महंगाई और अडानी मामले पर जेपीसी गठित करने की मांग सहित अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश करेगा।