लखनऊ: बीजेपी और पीएम मोदी के खिलाफ जुटे विपक्षी दलों के I.N.D.I.A नाम रखने पर सियासत गरमाई, लखनऊ में दूसरे दल ने थाने में दी है। आगामी लोकसभा चुनाव में बीजेपी गठबंधन के खिलाफ विपक्ष एकजुट हो चुका है। बेंगलुरु में हुई 26 दलों के गठबंधन को I.N.D.I.A. रखा गया है। इसका मतलब इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस है। हालांकि गठबंधन का नाम I.N.D.I.A. रखने पर विरोध शुरू हो गया है। इसके खिलाफ थाने में शिकायतें भी की जा रही है। इसी क्रम में दिल्ली के बाद अब लखनऊ में I.N.D.I.A. रखने पर हजरतगंज थाने में शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि इंडिया के अंदर दूसरा इंडिया बनाने की साजिश कर रहे हैं। यह नाम वो विदेश से लेकर आए हैं, वरना अचानक यह नाम कैसे आ गया।
राष्ट्रीय राष्ट्रवादी पार्टी के अध्यक्ष प्रताप चंद ने बताया कि यह न सिर्फ The Emblem & Name Act, 1950 का उलंघन है, बल्कि हाईकोर्ट के आदेश का उलंघन भी है। उन्होंने बताया कि 18 जुलाई को कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रस्ताव कर नीतीश कुमार, लालू प्रसाद यादव, अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी, उद्धव ठाकरे, शिबू सुरेन, डी राजा, सीताराम येचुरी, शरद पवार, अखिलेश यादव, जयंत चौधरी समेत 26 दलों के नेताओ ने अपने दल का नाम सर्वसम्मति से पारित किया था। इसकी घोषणा कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे ने किया था। वहीं इसके खिलाफ राष्ट्रीय राष्ट्रवादी पार्टी ने चुनाव आयोग को भी पत्र भेजकर शिकायत की है।
शिकायतकर्ता ने हजरतगंज थाने में तहरीर देकर इन नेताओं के खिलाफ INDIA नाम का गैर सरकार इस्तेमाल करने को लेकर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही कहा कि आगे से इस नाम का इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग भी की है, जिससे हाईकोर्ट के आदेश का उल्लंघन न हो। प्रताप चंद ने कहा कि गठबंधन का नाम INDIA रखने से न सिर्फ कानून का उलंघन हो रहा है बल्कि देश को बांटने, वैमनस्य बढ़ाने और सामाजिक द्वेष फैलाने का प्रयास भी है, यह देशहित में नहीं है।
उन्होंने बताया कि 4 मार्च 2014 को निर्वाचन आयोग ने सभी राजनीतिक दलों को पत्र भेजकर The Emblem & Name Act, 1950 का उलंघन न करने के लिए कहा था। प्रताप चंद ने बताया कि इस एक्ट के तहत इंडिया, स्टेट और नेशनल शब्द का प्रयोग इंडिविजुअल नहीं किया जा सकता है, क्योंकि राजनीतिक दल गैर सरकारी होते हैं। उन्होंने कहा कि यह लोग इंडिया के अंदर एक इंडिया बनाने की बात कर रहे हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय राष्ट्रवादी पार्टी के अध्यक्ष प्रताप चंद ने कहा कि चुनाव के वक्त यह लोग वोट मांगने के लिए कहेंगे कि हमें INDIA को वोट करिए तो बाकी लोग क्या गैर इंडियन है। हम लोग पाकिस्तानी है क्या?