नई दिल्ली : देश के करोड़ों रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी है। महंगे किराए के चलते आप ट्रेन में एसी वाला टिकट नहीं ले पाते हैं, तो अब ऐसा नहीं होगा। सरकार ट्रेनों के एसी टिकटों का किराया घटाने जा रही है। रेलवे बोर्ड ने शनिवार को एक आदेश में कहा कि वह एसी चेयर कार वाली ट्रेनों में रियायती किराया योजना शुरू करने के लिए जोनल रेलवे को अधिकार सौंप रहा है। एक सरकारी प्रेस रिलीज में कहा गया, 'ट्रेनों में सीटों का पूरा उपयोग करने के उद्देश्य से रेल मंत्रालय ने एसी सिटिंग वाली ट्रेनों में रियायती किराया योजना शुरू करने के लिए जोनल रेलवे को अधिकार देने का फैसला लिया है।' किराए में यात्रियों की संख्या के आधार पर 25 फीसदी की कटौती की जाएगी।