बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में थाना इज्जत नगर क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी में मंगलवार तड़के कमरे में सो रही छात्रा पर किसी ने एसिड अटैक कर दिया। एसिड से उसका भाई भी चपेट में आ गया। गंभीर हालत में दोनों को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सौ फुटा रोड स्थित बन्नूवाल नगर कॉलोनी में एक छात्रा पर तेजाब फेंककर हमला किया गया है, जिसमें छात्रा और उसका भाई गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दोनों एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। थाना इज्जत नगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
भुता निवासी डॉक्टर ने बताया कि उनकी बेटी मेडिकल पढ़ाई के लिए नीट की तैयारी कर रही है। बेटा 11वीं में है। चचेरा भाई बीएमएस की तैयारी कर रहा है। तीनों सौ फुटा के पास बन्नूवाल नगर में तीन माह से किराये पर कमरे में रहकर पढ़ाई करते हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंगलवार तड़के करीब तीन बजे उनके कमरे में घुसकर अज्ञात व्यक्ति ने तेजाब फेंक दिया, जिसमें युवती गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि उसके भाई पर भी तेजाब गिरने से वह घायल हो गया। चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर मकान मालिक जाग गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ऐंबुलेंस से दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी मिलने पर घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचे। संबंधित निजी अस्पताल प्रमुख डॉक्टर विनोद पकरानी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में एसिड अटैक पाया गया है। दोनों का गहनता से इलाज हो रहा है।
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि सौ फुटा की एक कॉलोनी में रात तीन बजे भाई बहन अपने कमरे में सो रहे थे। उनके बयान के मुताबिक, उनके ऊपर किसी व्यक्ति ने तेजाब से हमला किया और फरार हो गया। सुबह पुलिस को पता चला। एसिड अटैक का मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। प्राथमिक जांच में यह पाया गया कि आरोपी पहले से छात्रा को जानते थे। उनसे पूछताछ की जा रही है।