नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को चुनावी आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) शासन के लिए लोगों की सबसे पसंदीदा पार्टी बन गई है। सत्ता में रहते हुए चुनाव जीतने का उसका रिकॉर्ड कांग्रेस और अन्य दलों के मुकाबले काफी बेहतर है। वह भाजपा संसदीय दल की बैठक में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में पार्टी का बेहतर प्रदर्शन इस दावे को झूठा साबित करता है कि यह राष्ट्रीय स्तर पर तो मजबूत है लेकिन राज्यों में नहीं। इस दौरान उन्होंने अपने नेताओं को कुछ नसीहतें भी दीं।

सूत्रों के अनुसार, भाजपा संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने हालिया विधानसभा चुनावों में पार्टी की बड़ी जीत का श्रेय किसी नेता को नहीं, बल्कि ‘टीम भावना’ को दिया। उन्होंने कहा कि तीन राज्यों में जीत के अलावा तेलंगाना और मिजोरम में भी पार्टी की ताकत बढ़ी है।

प्रधानमंत्री ने पार्टी के नेताओं से कहा कि वे जनता से संवाद के दौरान ऐसी भाषा का इस्तेमाल करें जो वे (लोग) पसंद करते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि उन्हें ‘मोदी जी की गारंटी’ के बजाय ‘मोदी की गारंटी’ का इस्तेमाल करना चाहिए।

पीएम मोदी ने कहा कि क्षेत्रीय दलों ने कांग्रेस से बेहतर प्रदर्शन किया है, लेकिन वे भाजपा से बेहतर नहीं कर सके क्योंकि उन्होंने सत्ता में रहते हुए 36 में से 18 बार जीत हासिल की। उनकी सफलता दर 50 फीसदी है। यह दिखाता है कि भाजपा सरकार चलाने के लिए सबसे पसंदीदा पार्टी है। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मोदी को उद्घृत करते हुए संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस ने उन राज्यों में सत्ता में रहने के दौरान 40 बार विधानसभा चुनावों का सामना किया, लेकिन केवल सात बार जीत दर्ज कर सकी। मोदी ने कहा कि भाजपा के लिए यह आंकड़ा 39 बार में 22 है, यानी सफलता दर 56 फीसदी है।

प्रधानमंत्री ने दोहराया कि उनके लिए चार सबसे बड़ी ‘जातियां’ गरीब, युवा, महिलाएं और किसान हैं। पार्टी नेताओं को उनके विकास के लिए काम करना चाहिए।

पीएम ने सांसदों से ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ में हिस्सा लेने को कहा जिसका उद्देश्य विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाना है। बाद में मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘आज भाजपा संसदीय दल की बैठक में शामिल हुआ। हमारी पार्टी के कार्यकर्ता हाल के विधानसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन से उत्साहित हैं और आने वाले समय में और भी कड़ी मेहनत करने के लिए तत्पर हैं, जिससे जीवन के सभी क्षेत्रों के लोगों के बीच विकास का संदेश फैल सके।’ उन्होंने कहा, ‘हम लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करना जारी रखेंगे और गरीबों, दलितों और वंचितों को सशक्त बनाएंगे।’