देहरादून: उत्तराखंड में आज मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। पर्वतीय जिलों में मौसम में परिवर्तन आएगा। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है जबकि 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी भी हो सकती है। इन पर्वतीय क्षेत्रों में होने वाली बर्फबारी से मैदानी क्षेत्रों के तापमान में गिरावट आएगी और ठंड में भी इजाफा होगा। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह का कहना है कि प्रदेश शहर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। जबकि सुबह के समय मैदानी इलाकों में कोहरा भी छाएगा।
देहरादून के आसमान में बादलों की आवाजाही देखी जाने लगी है। मंगलवार को दिन में इसका असर दिख सकता है। हालांकि, बादलों से धूप निकलने की संभावना जताई गई है। राजधानी का तापमान मंगलवार को दिन में 22 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है। वहीं, न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। दरअसल, दिसंबर की शुरुआत में हुई हल्की बारिश और बर्फबारी से तापमान में गिरावट आई थी। उसके बाद से लगभग 1 सप्ताह में अधिकतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। अब मंगलवार को ऊंचाई वाली इलाकों में मौसम बदलने के आसार हैं।
पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी होने से मैदानी इलाकों में भी इसका असर दिखाई देगा और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। दिसंबर महीने के दूसरे पखवाड़े में भी बर्फबारी ना के बराबर होने का कारण बारिश नहीं होना है। बर्फबारी के लिए सर्दियों में बारिश होना भी जरूरी है। अब विंटर बारिश होने से बर्फबारी होगी। बता दें कि प्रदेश में अब तक विंटर बारिश नहीं हुई है जिसकी वजह से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी कम बर्फबारी देखने को मिली है।
बारिश न होने की वजह से पर्वतीय क्षेत्र में नवंबर और दिसंबर में बेहद कम बर्फबारी हुई थी। 12 दिसंबर से यदि पर्वतीय जिलों में विंटर बारिश अच्छी होती है तो इससे नदियों का जलस्तर बढ़ेगा। ग्लेशियर रिचार्ज होंगे और इसका असर तापमान पर भी दिखाई देग। मौसम में आ रहे इस बदलाव को अनुकूल संकेत माना जा रहा है।