देहरादून: उत्तराखंड के हल्द्वानी में रहने वाले एक युवक ने अजब प्रेम कहानी रच डाली। इस युवक ने एक किन्नर को अपना जीवनसाथी बना लिया। युवक ने किन्नर के गले में वरमाला पहना दी और मांग में सिंदूर भरकर शादी कर ली। किन्नर को जीवन साथी चुनने के बाद यह युवक घर छोड़कर चला गया। यह देखकर उसके पिता और भाई उसे समझाने पहुंचे तो किन्नर के प्यार में पागल इस युवक ने उन्हें भी सरेआम पीट दिया।
शनिवार को इस युवक ने किन्नर के गले में वरमाला पहनाई। इसके बाद घर से जाने लगा तो नगर के सिंधी चौराहे तक उसे समझाते हुए रोकने के लिए पहुंचे पिता और भाई साथ आए। इस दौरान उसने खूब मारपीट की और चौराहे पर जमकर तमाशा हुआ। शिकायत करने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने बाप और बेटों को शांत कराया। इसके बाद युवक किन्नर के साथ चला गया। युवक के पिता और भाई वापस घर लौट आए। जानकारी के अनुसार यह युवक और उसके पिता शहर के अलग-अलग विभागों में कर्मचारी हैं।
अपने बेटे को किन्नर के साथ शादी करता देख पिता ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो युवक जोर-जोर से चिल्लाने लगा कि यह मेरी पत्नी है। मैंने इससे शादी की है। अब मैं इसे छोड़कर कहीं नहीं जा सकता। पिता ने जब जबरदस्ती उसे घर ले जाना चाहा तो उसने पिता की पिटाई शुरू कर दी। शोरशराबा सुनकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जब देखा तो पिता-पुत्र एक दूसरे को पीट रहे थे। पास में खड़ा किन्नर भी गाली-गलौज कर रहा था। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझ कर मामला शांत कराया। कुछ देर बाद युवक किन्नर के साथ चला गया। कोतवाल उमेश कुमार मलिक के मुताबिक मामला शांत हो गया है। किसी भी तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।