हल्द्वानी: उत्तराखंड की आर्थिक गतिविधियों के केंद्र हल्द्वानी में बीते दिनों भड़की हिंसा के बाद व्यवसाय पटरी से उतर गए हैं। इस कारण बाजार को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में बीते दिनों हुए उपद्रव ने व्यवसाय की कमर तोड़ दी है। 8 फरवरी की शाम को भड़की हिंसा के कारण उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल की आर्थिक गतिविधियों के केंद्र हल्द्वानी में बाजार 11 फरवरी तक बंद रहे थे। 8 फरवरी की शाम को हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में एक अवैध अतिक्रमण को हटाने पहुंची नगर निगम और पुलिस की टीम पर पथराव हो गया था। इसके बाद बनभूलपुरा क्षेत्र में 8 दिनों तक लगातार 24 घंटे कर्फ्यू रहा, इसका असर शहर के प्रमुख बाजारों पर पड़ा।
इस दौरान व्यापार से जुड़ा हर तब का प्रभावित रहा पेंटर कारपेंटर मैकेनिक से लेकर लेबर और मजदूर भी आर्थिक रूप से इस उपद्रव का शिकार हुए। साथ ही सराफा, कपड़ा, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक कारोबार को मोटा नुकसान हुआ है। कारोबार के इन क्षेत्रों से जुड़े कारोबारियों के अनुसार 8 दिन में लगभग 40 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
हल्द्वानी में इलेक्ट्रॉनिक सामान की लगभग 40 से अधिक दुकानें हैं और लगभग 20 दुकान रेलवे बाजार में ही है। बनभूलपुरा क्षेत्र से सटा हुआ है, यहां उपद्रव होने के बाद 8 दिनों तक लगभग 90 फीसदी कारोबार प्रभावित रहा। इलेक्ट्रॉनिक बाजार के डीलर रोहित गुप्ता के मुताबिक एक दिन में लगभग 2 से 3 लाख रुपये का कारोबार होता है। शहर में अन्य जगहों पर 40 फीसदी कारोबार प्रभावित हुआ। इस हिसाब से 6 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है।
हल्द्वानी में करीब 8 कार शोरूम और 14 दो पहिया वाहनों के शोरूम है। यहां एक महीने में लगभग 1 हजार नए वाहन बिक जाते हैं। इस दौरान लगभग 80 करोड़ रुपये का कारोबार हो जाता है। ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़े भूपेश अग्रवाल के मुताबिक, रामपुर रोड पर होने के कारण शोरूम सिर्फ एक ही दिन बंद हुए। इससे ज्यादा नुकसान मैकेनिक न होने से वर्कशॉप को हुआ है। कुल मिलाकर 15 से 20 करोड़ रुपए का कारोबार प्रभावित हुआ है।
हल्द्वानी में सबसे अधिक होने वाले फर्नीचर कारोबार पर लगभग 6 करोड़ रुपये का फर्क पड़ा है। यहां फर्नीचर की लगभग 150 दुकान है। कारोबारी विपिन गुप्ता के अनुसार छोटी दुकानों में 30 हजार तो बड़ी दुकानों में एक लाख का काम 1 दिन में प्रभावित हुआ है। औसत के हिसाब से 8 दिनों में करीब 6 करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ है।
हल्द्वानी में कपड़े के व्यापार से जुड़ी लगभग 150 दुकान हैं। पूरे पहाड़ में लोग यहां से ही कपड़ा पहुंचता है। हल्द्वानी नया बाजार में प्रमुख कपड़े के व्यापारी स्वर्णनालाल एंड सन के मालिक सुनील कुमार के अनुसार इस समय गर्म कपड़ों का सीजन चल रहा है। यहां 150 दुकानों के हिसाब से लगभग रोज 2 करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ है।