लखनऊ: लोकसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने अपनी रणनीति को फाइनल कर दिया है। बसपा के राष्ट्रीय को-ऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने शुक्रवार को फरीदाबाद में ‘संविधान बचाओ, सत्ता प्राप्ति संकल्प यात्रा’ के जरिए चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की। इसके जरिए उन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। वह यूपी और उत्तराखंड के बाहर देश में अभियान की कमान संभालेंगे। यूपी और उत्तराखंड में खुद बसपा प्रमुख मायावती ही प्रचार अभियान की कमान संभालेंगी। पिछले दिनों बसपा प्रमुख ने पार्टी अपना उत्तराधिकारी आकाश आनंद को घोषित किया था। इसके बाद उनके यूपी- उत्तराखंड में भी दखल बढ़ने की चर्चा थी। हालांकि, अब इस मामले में स्थिति साफ हो गई है।
आकाश आनंद राष्ट्रीय को-ऑर्डिनेटर बनने के बाद से ही देशभर में दूसरे राज्यों में संगठन को मजबूत करने में जुटे हुए हैं। हाल ही में हुए राजस्थान और एमपी के विधानसभा चुनाव में उनको प्रभारी बनाया गया था। वहां भी उन्होंने यात्राएं निकालीं और प्रचार का जिम्मा संभाला था। अब लोकसभा चुनाव से पहले मायावती उनको अपना उत्तराधिकारी घोषित कर चुकी हैं। उन्होंने फरीदाबाद से अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत कर दी है। अब सबकी निगाह इस पर लगी है कि लोकसभा चुनाव के दौरान उनको सबसे मजबूत गढ़ यूपी में कितनी जिम्मेदारी दी जाती है। इस बारे में पार्टी सूत्रों का कहना है कि वह यूपी और उत्तराखंड के बाहर ही चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि चुनाव की तारीखें घोषित होने के बाद यूपी में मायावती अपनी सभाएं शुरू करेंगी। पहले की तरह वह मंडलवार सभाएं करेंगी। कुछ मजबूत प्रत्याशियों के लिए उनके क्षेत्र में सभाएं करने जा सकती हैं। आकाश आनंद भी इन सभाओं में उनके साथ शामिल हो सकते हैं। उनकी मुख्य जिम्मेदारी यूपी के बाहर ही रहेगी। चुनाव तिथियों का ऐलान होते ही पार्टी अपने अन्य स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी करेगी।
बीएसपी सुप्रीमो के भतीजे और पार्टी के नैशनल को-ऑर्डिनेटर आकाश आनंद को केंद्र सरकार ने Y+ कैटिगरी की सुरक्षा दी है। उनके साथ यह सुरक्षा घेरा पूरे देश में चलेगा। सुरक्षा में CRPF के जवान रहेंगे। आकाश आनंद को हाल ही में मायावती ने अपना राजनैतिक उत्तराधिकारी घोषित किया है। आकाश के पास यूपी और उत्तराखंड को छोड़कर दूसरे राज्यों में बीएसपी के संगठन को विस्तार देने की जिम्मेदारी है। आकाश हरियाणा से अपना चुनाव अभियान शुरू कर रहे हैं।