देहरादून: उत्तराखंड के सल्ट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक महेश जीना के खिलाफ देहरादून कोतवाली में केस दर्ज कर लिया गया है। सल्ट एमएलए पर देहरादून नगर निगम के नगर आयुक्त गौरव कुमार और अन्य कर्मचारियों के साथ अभद्रता का आरोप लगा है। भाजपा विधायक पर बलवा करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली- गलौच और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। इस मामले में चार अन्य भी आरोपी बनाए गए हैं। दर्ज कराए गए मामले के अनुसार, सल्ट विधायक महेश जीना मंगलवार को देहरादून नगर निगम कार्यालय आए थे। भाजपा एमएलए पर नगर निगम के अधिकारियों से गाली- गलौच की। निगम कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी।
देहरादून नगर निगम चालक संघ के सचिव यशपाल सिंह की ओर से बुधवार को कोतवाली में तहरीर दी गई। इस पर कोतवाली पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया। इस मामले की विस्तृत जांच गढ़वाल कमिश्नर कर रहे हैं। नगर आयुक्त और निगम के वरिष्ठ लिपिक से अभद्रता के विरोध में कर्मचारियों की हड़ताल शुरू हो गई। नगर निगम के 100 वार्डों में इस मामले को बुधवार को डोर- टू- डोर कूड़ा नहीं उठ सका। कार्यालय में भी कामकाज पूरी तरह बंद रहा। नगर निकाय कर्मचारी महासंघ और अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि मामले में सल्ट विधायक को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी। वरना, कर्मचारी हड़ताल जारी रखेंगे।
नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सार्वजनिक जगहों और कारगी डंपिंग साइट पर भी कूड़े के ढेर लग गए। वहीं, नगर निगम कार्यालय में सभी कर्मचारी हड़ताल पर रहे। नगर निगम में जन्म- मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बन सका। हाउस टैक्स जमा नहीं हो पाया। इसके अलावा भी अन्य कामकाज प्रभावित रहा। टैक्स जमा करने और प्रमाण पत्र आदि बनवाने के लिए नगर निगम पहुंचे लोगों को वापस लौटना पड़ा।
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने फिलहाल मंगलवार को हुए घटनाक्रम पर चुप्पी साध ली है। उन्होंने कहा कि उन्होंने शासन स्तर पर मामले की विस्तृत जानकारी दी। दोपहर को वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने सचिवालय भी गए। विधायक के खिलाफ नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नाम बहादुर, सचिव सतेंद्र कुमार, नगर निगम सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार, धीरज भारती और नगर निगम वाहन चालक संघ के अध्यक्ष स्वर्ण सिंह पंवार और सचिव यशपाल सिंह की तरफ से दी गई। इस शिकायत पर केस दर्ज किया गया।