कई बार डाइट में पर्याप्त मात्रा में कैल्शियम लेने के बाद भी हड्डियों कमजोर होने लगती हैं। ऐसे में समझना जरूरी है कि ऐसा क्यों होता है, और इसका हल क्या है? कैल्शियम के अलावा वो कौन सा तत्व है, जिसकी कमी से हड्डियों से संबंधित बीमारियां पैर पसारने लगती हैं।
शोध बताते हैं कि भरपूर कैल्शियम लेने के बाद भी अगर हड्डियां कमजोर हो रही हैं तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि आपके शरीर में विटामिन-डी की कमी हो रही है। क्योंकि विटामिन-डी की कमी की स्थिति में शरीर में कैल्शियम का ठीक से अवशोषण नहीं हो पाता है और हड्डियों को वो मजबूती नहीं मिल पाती, जोकि पर्याप्त कैल्शियम के कारण मिलनी चाहिए।
अब सवाल है कि हड्डियों को मजबूत कैसे बनाएं? जवाब है, कैल्शियम के साथ-साथ विटामिन D का सही मात्रा में सेवन। विटामिन-डी हड्डियों की क्षति को कम करने के साथ फ्रैक्चर होने के जोखिम को भी कम करने में सहायक है। इससे ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारियों को दूर रखा जा सकता है। तो आइए जानते हैं कि वो कौन से चीजें हैं, जिनमें विटामिन-डी भरपूर होता है।

अगर आप नॉन वेज खाना पसंद करते हैं तो विटामिन डी की कमी को पूरा करने के लिए अपनी डाइट में सी फूड शामिल करना चाहिए। हेरिंग, मैकेरल, सैल्मन और टूना जैसी मछलियों में विटामिन डी अच्छी मात्रा में पाया जाता है। इसके अलावा कार्ड लिवर ऑयल में भी काफी मात्रा में विटामिन डी होता है। रेड मीट में भी अच्छी मात्रा में विटामिन डी पाया जाता है।

दूध-दही में विटामिन डी और कैल्शियम दोनों होते हैं। ऐसे में अगर आप इन्हें अपनी नियमित डाइट में शामिल करते हैं तो हड्डियां मजबूत बनती हैं। साथ ही दूध-दही खाने से पेट भी फिट रहता है। ये दोनों चीजें पोषक तत्वों का भंडार माने जाते हैं और सेहत के लिए फायदेमंद हैं।

मशरूम को विटामिन डी का भी अच्छा स्रोत माना जाता है। इसके अलावा इसमें विटामिन बी1, बी2, बी 5, विटामिन C, मैग्नीशियम कैल्शियम भी खूब पाया जाता है, जोकि शरीर की हड्डियों को मजबूत बनाने में मददगार हैं। ऐसे में मशरूम को अपनी डाइट का हिस्सा जरूर बनाएं।

विटामिन डी की कमी को पूरा करने के लिए आप खाने में गेहूं, जौ और दूसरे अनाज शामिल कर सकते हैं। साबुत अनाज खाने से आपके शरीर को सिर्फ कैल्शियम ही नहीं मिलती है। बल्कि इससे फाइबर व दूसरे पोषक तत्व भी मिलते हैं, जोकि सेहत के लिए हर तरह से फायदेमंद हैं।

बादाम का सेवन, शरीर में विटामिन डी की कमी को दूर करने में सहायक हो सकता है। अगर आप रोज रात में बादाम भिगोकर खाते हैं तो इससे शरीर की गतिविधियों में तेजी आती है। इनके सेवन से न सिर्फ शरीर बेहतर होता है बल्कि, इनके हमारा दिमाग भी बढ़िया चलता है।