घर को साफ सुथरा रखना बहुत जरूरी है। इससे घर में पॉजिटिव एनर्जी आती है और साफ घर में भगवान का वास भी होता है। इसलिए लोग समय-समय पर किचन, बाथरूम, बेडरूम की सफाई करते हैं। इनमें स्विच बोर्ड एक ऐसी चीज है, जिसे रेगुलर क्लीन नहीं किया जाता, इसलिए इन पर गंदगी जम जाती है और फिर इन्हें साफ करना मुश्किल हो जाता है।
ऐसे में लोग कॉलीन या फिर साबुन से इसे क्लीन करने की कोशिश करते हैं। लेकिन पानी के कारण कई बार करंट लगने का डर भी रहता है। यहां पर कुछ ऐसे तरीके बताए गए हैं, जो गंदे से गंदे स्विच को मिनटों में चमका देंगे। आइए जानते हैं गंदे स्विच बोर्ड को साफ करने के ट्रिक।

टूथपेस्ट की मदद से आप घर के गंदे स्विच को चकाचक कर सकते हैं। इसके लिए आपको एक पुराने टूथब्रश की जरूरत पड़ेगी। टूथब्रश में थोड़ा सा पेस्ट लें। अब ब्रश को पूरे स्विच पर फेर दें। अगर स्विच बोर्ड बहुत ही ज्यादा गंदा है और पीला हो गया है, तो कुछ देर के लिए पेस्ट इन पर लगा छोड़ दें। 5 मिनट बाद साफ और सूखे टॉवेल से इसे पोंछ दें। अगर स्विच बोर्ड बहुत गंदा नहीं है, तो आप इसे तुरंत साफ कर सकते हैं।
स्विच बोर्ड को साफ करने के लिए आप थिनर की हेल्प भी ले सकते हैं। आमतौर पर हर घर में थिनर आसानी से मिल जाता है। इसके लिए एक रूई में थोड़ा सा थिनर लें और स्विच बोर्ड को क्लीन करना शुरू करें। थिनर लगते ही स्विच क्लीन होने लगेंगे।

घर में रखा बेकिंग सोडा भी स्विच बोर्ड को साफ करने का सस्ता तरीका है। इसके लिए एक चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा सा शैंपू डाल लें। अब एक कपड़े में लेकर इससे स्विच को हल्के हाथों से साफ करें। स्विच एकदम नए जैसे हो जाएंगे।
शेविंग क्रीम भी आपके गंदे स्विच को क्लीन कर सकती है। आप एक बाउल में शेविंग क्रीम लें और उसे स्विच बोर्ड पर लगाएं। कुछ देर बाद टूथब्रश लें और उस पर रगड़ें। फिर सूखे कपड़े से इसे पोंछ दें। ध्यान रखें कि आपको शेविंग क्रीम ऊपर लगानी है। कोशिश करें कि ये स्विच बोर्ड के अंदर ना जाए।
अब स्विच बोर्ड को साफ करना आपके लिए काफी आसान हो जाएगा। बस इन्हें साफ करते वक्त हमेशा चमड़े की चप्पल पहनें और किसी कपड़े या रग्स पर खड़े होकर ही यह काम करें। मीटर को बंद करके ही स्विच बोर्ड को साफ करना चाहिए।