ऋषिकेश: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था से जुड़े नीति निर्धारण से लेकर स्वास्थ्य क्षेत्र तक में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी एक बड़े और अच्छे सामाजिक बदलाव की तस्वीर प्रस्तुत करती है। ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के चौथे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अपने संबोधन के दौरान मुर्मू ये बातें कही। शाम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ऋषिकेश में 'गंगा आरती' की।
उन्होंने कहा कि मुझे यह जानकर बहुत प्रसन्नता हुई कि यहां के विद्यार्थियों में छात्राओं की कुल संख्या 60 प्रतिशत से अधिक है। पिछले सप्ताह मेरी मुलाकात भारतीय आर्थिक सेवा (इंडियन इकोनोमिक सर्विस) के अधिकारियों के बैच से हुई और उन अधिकारियों में भी लगभग 60 प्रतिशत संख्या महिलाओं की थी। भारत की अर्थव्यवस्था से जुड़े नीति निर्धारण से लेकर तृतीयक स्वास्थ्य देखभाल (टर्शियरी हेल्थकेयर) जैसे क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी एक बड़े और अच्छे सामाजिक बदलाव की तस्वीर प्रस्तुत करती है।
राष्ट्रपति ने बेटियों की भागीदारी और सफलता के लिए एम्स ऋषिकेश, छात्राओं और उनके परिवार के लोगों को भी विशेष बधाई दी। उन्होंने इस बात पर भी गर्व जताया कि दीक्षांत समारोह में पदक प्राप्त करने वाली छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक है। मुर्मू ने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में विश्वस्तरीय इलाज उपलब्ध कराना एम्स ऋषिकेश सहित सभी एम्स संस्थानों की बड़ी उपलब्धि है।