गर्मियों में हीट स्ट्रोक और पाचन संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है, जैसे कि खाना डाइजेस्ट न होना, मतली और सीने में जलन जैसी दिक्कत। इन सभी समस्याओं से बचने के लिए इस मौसम में ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए, जो आपको अंदर से ठंडक प्रदान करें और आपके पाचन को आसान बनाए, जैसे कि कुछ मसाले और हर्ब्स।
मसालों को लेकर कुछ लोगों के दिमाग में मिथ होता है कि इसे गर्म मौसम में नहीं खाने चाहिए। यह सच है कि मसाले शरीर को गर्माहट देते हैं, लेकिन कुछ ऐसे मसाले और हर्ब्स हैं, जिनकी तासीर ठंडी होने के कारण यह आपको ठंडक देते हैं, जैसे कि छोटी इलायची, पुदीना या तुलसी आदि।

धनिया पाचन को सुधारता है और पेट को ठंडक पहुंचाता है। इसे डिटॉक्स ड्रिंक, सलाद, पन्ना, चटनी या सब्जियों के रूप में उपयोग कर सकते हैं। धनिया के पत्तों को पानी में डालकर, उसे ब्लेंड कर के और नमक डालकर उसे डिटॉक्स ड्रिंक के रूप में पी सकते हैं।

पुदीना पेट को ठंडक प्रदान करता है। इसके एंटीऑक्सीडेंट खराब पाचन और हीट स्ट्रोक की समस्या से भी बचाते हैं। इसे चटनी, पन्ना या पुदीने वाली चाय के रूप में भी ले सकते हैं। पेट दर्द में भी इसका सेवन लाभकारी होता है।

जीरा पेट को ठंडक पहुंचाता है और यह पाचन के लिए भी अच्छा है। आप इसे सब्जियों या छाछ में ले सकते हैं। सुबह खाली पेट जीरे का पानी भी काफी फायदा करता है। यह वजन को नियंत्रित करने में मदद करता है।

अदरक पेट की समस्याओं को दूर करने में मदद करता है और पाचन को सुधारता है। थोड़ी मात्रा में इसे चाय या सब्जियों में उपयोग किया जा सकता है। कोशिश करें कि अदरक के साथ नींबू का भी इस्तेमाल करें, ताकि उसकी गर्माहट दूर हो सके।

मुंह की बदबू भगाने वाली सौंफ भी पेट को ठंडक प्रदान करती है और पाचन को सुधारती है। इसके सेवन से गैस, एसिडिटी और अन्य पाचन संबंधी समस्याओं से राहत मिलती है।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। यह किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।