देहरादून: केदारनाथ धाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत चल रहे कार्यों के साथ ही पुनर्निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने दिये हैं। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सोमवार को केदारपुरी का जायजा लिया। केदारपुरी में अभी भी पहाड़ियों पर बर्फ नजर आ रही है। ऐसी विषम परिस्थितियों में धाम परिसर में निर्माण कार्यों को तेजी से करने के लिए मुख्य सचिव ने निर्देश दिए हैं।
उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में मतदान प्रक्रिया समाप्त होते ही मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सोमवार को केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों के साथ यात्रा की तैयारी को लेकर समीक्षा भी की। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी सोमवार को केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए केदारपुर पहुंची। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने केदारनाथ पुनर्निर्माण और पुन:विकास कार्यों के मास्टर प्लान के फेस 2 के तहत 21 प्रोजेक्टस की प्रगति की समीक्षा की।
मुख्य सचिव ने आस्था पथ, गेस्ट हाउस, मंदाकिनी और सरस्वती घाट, म्यूजियम, केदारनाथ मंदिर परिसर, शिव उद्यान और अस्पताल सहित अन्य निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने केदारपुरी में जिलाधिकारी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से धाम में गतिमान पुनर्निर्माण कार्य और विकास कार्यों की जानकारी ली। केदारनाथ मंदिर परिसर के सामने भवनों का निर्माण कार्य भी चल रहा है जिसके बारे में उन्होंने संबंधित एजेंसी के अधिकारियों से जानकारी ली और एजेंसी को निर्देशित किया है कि समय से सभी कार्यों को निपटा लिया जाए। भवनों के निर्माण में आ रही समस्याओं को जानकर मुख्य सचिव ने जिलाधिकारी सौरभ गहरवार को अधिक से अधिक संसाधनों का प्रयोग करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए गोल चबूतरे से मंदिर परिसर तक कॉरिडोर का कार्य जल्द पूरा करने को कहा है।
मुख्य सचिव ने रेन सेल्टर, मंदाकिनी और सरस्वती नदी के घाट पर चल रहे निर्माण कार्यों को भी जल्द पूरा करने को अधिकारियों को निर्देशित किया है। इसके साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं को यहां पर दी जाने वाली सुविधाओं और व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली। मुख्य सचिव ने कहा है कि निर्माण कार्यों में इस्तेमाल की जा रही सामग्री में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हालांकि उन्होंने निर्माण एजेंसियों के साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से विषम परिस्थितियों में भी बेहतरीन कार्य हो रहा है। इसी तरह से आगे भी समन्वय को बनाकर रखते हुए समय से सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्य में लगे मजदूरों से भी बातचीत की और विषम परिस्थितियों में काम करने के लिए उनकी पीठ भी थपथपायी। श्रमिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिए हैं। मुख्य सचिव ने केदारपुरी में श्रद्धालुओं के सुविधा के लिए टोकन सिस्टम जैविक और अजैविक कूड़े के निस्तारण की कारगर व्यवस्था बनाने के लिए भी जिलाधिकारी को निर्देशित किया है।