देहरादून: उत्तराखंड की खाली हुई दो विधानसभा सीटों के लिए चुनाव तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। भारतीय निर्वाचन आयोग ने बद्रीनाथ और मैंगलोर विधानसभा सीट पर चुनाव तारीख घोषित कर दी गई है। उत्तराखंड विधानसभा उपचुनाव के लिए दोनों सीटों पर गजट नोटिफिकेशन 14 जून को जारी होगा। इसके साथ ही नामांकन भरे जाने की प्रक्रिया शुरू होगी। 21 जून तक नामांकन फार्म दाखिल किए जाएंगे। 24 जून को नामांकन फार्म की स्क्रूटनी की जाएगी। वहीं, 26 जून तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। चुनावी मैदान में डेट उम्मीदवारों को इसके बाद प्रचार का समय मिलेगा। 8 जुलाई तक चुनावी मैदान में प्रचार अभियान चलेगा। 10 जुलाई को चुनाव की वोटिंग होगी। वहीं, मतों की गिनती 13 जुलाई को होगी।
भारत निर्वाचन आयोग ने देश के 13 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीख का ऐलान किया है। इसमें सबसे अधिक चार सीटें पश्चिम बंगाल से हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश की तीन सीटों पर भी उपचुनाव होंगे। बिहार, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश और पंजाब की एक-एक विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव होंगे। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी चुनावी अधिसूचना के तहत पश्चिम बंगाल की रानीगंज, राणाघाट दक्षिण, बागदा और मनिकतला विधानसभा सीट पर उपचुनाव होगा। वहीं, हिमाचल प्रदेश की देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ विधानसभा सीटों के भी उपचुनाव हो रहे हैं। इसके अलावा बिहार की रुपौली, तमिलनाडु की विक्रवंदी, मध्य प्रदेश की अमरवारा और पंजाब की जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव होने जा रहा है।
उत्तराखंड की दो सीटों पर विधानसभा उप चुनाव का शेड्यूल जारी
उत्तराखंड की दोनों खाली विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे। दरअसल, बद्रीनाथ विधानसभा सीट पर विधायक राजेंद्र सिंह भंडारी के इस्तीफा के बाद उपचुनाव हो रहा है। राजेंद्र सिंह भंडारी के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हो गई थी। कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह भंडारी पिछले दिनों कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। उन्होंने विधायक पद से भी इस्तीफा दे दिया था। वहीं, मैंगलोर विधानसभा सीट के विधायक सरवत करीम अंसारी के निधन के बाद उपचुनाव हो रहा है। सरवत करीम अंसारी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में बसपा के टिकट पर जीत दर्ज करने में कामयाब हुए थे। पिछले साल 30 अक्टूबर में उनका निधन हो गया था।