देहरादून/उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा के लिए जहां श्रद्धालु श्रद्धा भाव से आ रहे हैं, वहीं कुछ टूर ऑपरेटरों के कारण तीर्थयात्रियों की फजीहत भी हो रही है। उत्तरकाशी में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसमें हरिद्वार के दो टूर ऑपरेटरों ने फर्जी रजिस्ट्रेशन करा 88 तीर्थयात्रियों को गंगोत्री धाम के लिए भेज दिया। उत्तरकाशी पुलिस ने चेकिंग के दौरान बारकोड चेक किया तो फर्जीवाड़ा पकड़ा गया। मामले में दोनों टूर ऑपरेटरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
10 मई को चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद से ही यात्रा चरम पर है। सभी धामों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। अन्य राज्यों से आने वाले तीर्थयात्रियों के साथ ही स्थानीय लोग भी चारों धामों में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। इसकी वजह से कुछ स्थानों पर संकरे यात्रा मार्गों पर अत्यधिक लोड होने के कारण जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है। ऐसे में सरकार और स्थानीय पुलिस-प्रशासन मिलकर यात्रियों जगह-जगह बनाए गए पड़ावों पर रुकवा रहे हैं। यात्रियों के इन पड़ाव में रुकने तक उनके लिए जलपान की व्यवस्था भी पुलिस प्रशासन कर रहा है।
श्रद्धालुओं की इस सैलाब में फर्जी तरीके से रजिस्ट्रेशन कराकर आने वाले लोगों पर पुलिस सख्त कार्रवाई भी कर रही है। ऐसा ही एक मामला उत्तरकाशी में चेकिंग के दौरान सामने आया। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रजिस्ट्रेशन सेंटर हिना में चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान रजिस्ट्रेशन बारकोड चेक करने पर दो यात्री बसों की रजिस्ट्रेशन तिथि फर्जी पाई गई। इन दोनों बसों में 88 तीर्थ यात्री थे। बस में सवार तीर्थयात्रियों ने बताया कि हरिद्वार से टिंकू और माटू नाम के दो टूर ऑपरेटरों ने उनके रजिस्ट्रेशन में फर्जीवाड़ा कर उनके साथ छल किया है। श्रद्धालुओं की तहरीर पर दोनों टूर ऑपरेटर के खिलाफ कोतवाली मनेरी में सरकारी दस्तावेज पर धोखे से फर्जी रजिस्ट्रेशन करने पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
उत्तरकाशी एसपी अर्पण यदुवंशी ने बताया कि टूर ऑपरेटरों ने सरकारी दस्तावेज में फर्जी रजिस्ट्रेशन तैयार किया है। दोनों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी यदुवंशी का कहना है कि उत्तरकाशी पुलिस तीर्थयात्रियों की यात्रा को सरल सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए तत्पर है। कोई भी यात्री बिना रजिस्ट्रेशन और रजिस्ट्रेशन की तिथि से पहले या बाद में यात्रा पर न आए। कहा कि सभी श्रद्धालु अपना पंजीकरण आधिकारिक साइट से ही करें। किसी भी जालसाज के बहकावे में न आए। पंजीकरण केंद्र में लगातार चेकिंग की जा रही है। यदि किसी का पंजीकरण फर्जी पाया जाता है तो उन्हें किसी भी दशा में यात्रा नहीं करने दी जाएगी और उन्हें वहीं से वापस लौटा दिया जाएगा। एसपी ने संदेश दिया है कि फर्जी पंजीकरण करने वालों और कराने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।