ऋषिकेश: मॉनसून के चलते ऋषिकेश में राफ्टिंग दो महीने यानी जुलाई और अगस्त में बंद रहेगी। 1 सितंबर से गंगा में दोबारा राफ्टिंग शुरू कराई जाएगी। गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए 30 जून तक कौडियाला, मरीन ड्राइव, शिवपुरी, ब्रह्मपुरी और क्लब हाउस से रिवर राफ्टिंग का संचालन बंद कर दिया जाता है।
गंगा नदी रिवर रॉफ्टिंग समिति के साहसिक खेल अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने बताया कि एक जुलाई से गंगा में राफ्टिंग का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। बरसात सीजन के कारण जुलाई और अगस्त में इसका संचालन बंद रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राफ्टिंग का सीजन हर साल एक सितंबर को शुरू होता है और जून तक चलता है। राफ्टिंग का लुत्फ उठाने के लिए सबसे ज्यादा पर्यटक दिल्ली-एनसीआर, वेस्ट यूपी, हरियाणा और पंजाब से पहुंचते हैं।
इस सीजन में करीब सवा चार लाख पर्यटकों ने राफ्टिंग का लुत्फ उठाया है। इसके चलते कारोबारियों ने जमकर मुनाफा कमाया। करीब तीस साल पहले ऋषिकेश में राफ्टिंग का सिलसिला शुरू हुआ था जो अब पूरी तरह अपने चरम पर है। इस समय ढाई सौ से ज्यादा कंपनियों की साढ़े छह सौ राफ्ट गंगा में संचालित हो रही हैं। करीब 10 हजार लोग इससे सीधे और इससे ज्यादा लोग अपरोक्ष रूप से इस व्यवसाय से जुड़े हुए हैं और अपनी जीविका चला रहे हैं।