मसूरी/देहरादून: उत्तराखंड के मसूरी में गुरुवार सुबह एक हादसा हो गया। मसूरी-देहरादून रोड भट्टा गांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। कार में सवार तीन लड़के और तीन लड़कियां गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, फायर सर्विस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और खाई में गिरे छह लोगों को रेस्क्यू करके खाई से बाहर निकाला गया। देहरादून के दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसआई राजकुमार बरमोला ने बताया कि देहरदून से सुबह करीब 5:30 बजे के समय कार से तीन लड़के और तीन लड़कियां मसूरी की ओर आ रही थीं। भट्टा गांव के पास मोड़ पर कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पैराफिट को तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी। कार में सवार भवानी सिंह निवासी नरेंद्र नगर उत्तराखंड, दिलीप सिंह, गिरीश सिंह, मोना, सपना, मीना निवासी नेपाल हैं, जो गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को रेस्क्यू करके दून अस्पताल भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। घटना की सूचना घायलों के परिजनों को दे दी गई है। मसूरी फायर स्टेशन इंचार्ज धीरज तडियाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह फायर सर्विस के जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सड़क काफी चौड़ी है, लेकिन कार तेज गति में रही होगी, जिससे कार चालक मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार अनियंत्रित हो गई और खाई में जा गिरी। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।