उधमसिंह नगर: मॉनसून आने के साथ ही उत्तराखंड में नदियां उफान पर हैं। लगातार बारिश होने की वजह से उधमसिंह नगर में कई गांवों में पानी भर गया है। बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है। इस बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसमें एक महिला अपने बच्चे को बाढ़ के बीच बचाने की जद्दोजहद करती दिख रही है। महिला को लकड़ी की सीढ़ी से सहारे किसी तरह जलभराव से बाहर निकालकर दूसरी जगह पहुंचाया गया।
इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि महिला अपने छोटे बच्चे को गोद में बांधे हुए है। जैसे ही वह लकड़ी पर बैठने का प्रयास करती है, फिसल जाती है। महिला तुरंत अपने बच्चे को संभालने की कोशिश करती है। इसके बाद बचावकर्मी महिला और उसके बच्चे को सुरक्षित लकड़ी पर बैठाकर बाहर निकाल ले जाते हैं। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर यूजर्स महिला और बचावकर्मियों की तारीफ कर रहे हैं।
आपको बता दें कि उत्तराखंड के बनवासा बैराज से छोड़े गए तीन लाख क्यूसेक पानी की वजह से यूपी के तराई और मैदानी इलाकों में बाढ़ सरीखे हालात हैं। खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं शारदा, राप्ती नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और कुशीनगर में बाढ़ की स्थिति है। इन छह जिलों के 71 गांवों की आबादी बाढ़ से प्रभावित है। गोंडा में तीन गांवों की फसल चौपट हो गई है। घाघरा, बूढ़ी राप्ती और कुआनो समेत कई नदियों का जलस्तर भी खतरे के निशान के करीब है।