देहरादून: उत्तराखंड में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है। देहरादून में तो रोजाना ही गर्मी के रिकॉर्ड टूट रहे हैं। गुरुवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच गया। पूरे दिन गर्म हवाएं लोगों को झुलसाती रही। दिन के साथ ही रात को भी गर्म हवाएं परेशान कर रही है। रोजाना बढ़ रहे तापमान की वजह बारिश न होना बताया जा रहा है। इतना ही नहीं अगले दो दिन भी गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्री मानसून की बारिश ना होने और जलवायु परिवर्तन के चलते मैदान से लेकर पहाड़ तक भीषण गर्मी पड़ रही है। बारिश न होने से दिन के साथ-साथ रात का भी तापमान बढ़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार आज भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। देहरादून का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
जबकि पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने गर्म हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।