देहरादून: उत्तराखंड की दो विधानसभा सीटों पर 10 जुलाई को उपचुनाव कराए जाने हैं। बीजेपी ने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। बद्रीनाथ सीट से राजेंद्र सिंह भंडारी और मंगलौर विधानसभा से करतार सिंह भड़ाना को बीजेपी ने टिकट दिया है। 2022 में राजेंद्र सिंह भंडारी कांग्रेस के टिकट पर ब्रदीनाथ से जीते थे। लोकसभा चुनाव से पहले भंडारी बीजेपी में शामिल हो गए। इसी तरह मंगलौर सीट से बसपा विधायक सरवत करीम अंसारी का निधन हो चुका है।
मंगलौर विधानसभा हरिद्वार लोकसभा सीट के तहत आती है। बीजेपी ने यहां से फरीदाबाद के नेता करतार सिंह भड़ाना को खड़ा किया है। कांग्रेस ने अभी इन सीटों से अपने प्रत्याशियों का ऐलान नहीं किया है। उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा का कहना है कि हम जल्द ही कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेकर प्रत्याशियों की घोषणा करेंगे।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने उत्तराखंड की सभी पांचों सीटों पर जीत हासिल की थी। 2019 लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी ने क्लीन स्वीप किया था। चुनाव आयोग 14 जून को दोनों सीटों पर उपचुनाव की अधिसूचना जारी करेगा। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 21 जून को होगी। मतदान 10 जुलाई और रिजल्ट 13 जुलाई को आ जाएगा।